गुरुवार रात पाकिस्तान ने भारत के जम्मू, पठानकोट, जैसलमेर, लुधियाना, अमृतसर और चंडीगढ़ सहित 15 शहरों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए. इस हमले को भारतीय वायु रक्षा तंत्र ने मुंहतोड़ जवाब दिया. भारत की अत्याधुनिक S-400 वायुरक्षा प्रणाली ने पाकिस्तान की 8 मिसाइलों को हवा में ही ध्वस्त कर दिया, जबकि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के दो JF-17 और एक F-16 लड़ाकू विमान को भी मार गिराया.
वायु रक्षा प्रणाली से देश सुरक्षित
भारतीय वायु रक्षा बलों ने जम्मू एयरपोर्ट, पठानकोट, अखनूर सेक्टर और सांबा क्षेत्र में सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणालियों (SAM Units) की तैनाती कर दी है. इनकी मुस्तैदी से दुश्मन के कई ड्रोन और मिसाइल लक्ष्य तक पहुँचने से पहले ही नष्ट कर दिए गए. जम्मू एयरपोर्ट से लड़ाकू विमानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उड़ान भरी और हमलों का जवाब दिया.
ब्लैकआउट और अलर्ट: नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि
जम्मू, श्रीनगर, चंडीगढ़, गुरदासपुर, जैसलमेर और नागौर में एहतियातन ब्लैकआउट किया गया है. जम्मू के आरएसपुरा इलाके में लगातार सायरन बज रहे हैं, और सतवारी कैंप पर हमले की खबर से तनाव और बढ़ गया है. प्रशासन ने मोबाइल नेटवर्क अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं ताकि किसी भी तरह की अफवाह से बचा जा सके.
भारत का पलटवार: लाहौर, सियालकोट और कराची पर कार्रवाई
पाकिस्तान की इस दुस्साहसिक हरकत के बाद भारत ने करारा जवाब दिया है. भारतीय वायुसेना ने लाहौर, सियालकोट, कराची और इस्लामाबाद पर गोले बरसाए. इसके साथ ही पाकिस्तान का एयरबोर्न वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम (AWACS) भी पंजाब प्रांत में मार गिराया गया. भारत ने लाहौर पर बड़े पैमाने पर हवाई हमला शुरू कर दिया है.
राजस्थान व पंजाब में हाई अलर्ट, सेना सतर्क
राजस्थान के जैसलमेर और नागौर में धमाकों की आवाजों के बाद हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. जैसलमेर एयरपोर्ट पर हमले की कोशिश की गई, जिसे भारतीय बलों ने नाकाम कर दिया. पंजाब के गुरदासपुर और पठानकोट में भी ड्रोन गतिविधियों को देखते हुए ब्लैकआउट और चौकसी बढ़ा दी गई है. पठानकोट के हलका सुजानपुर में ड्रोन देखे गए, लेकिन वहां गोलीबारी को नियंत्रित कर लिया गया.
फ्लाइट सुरक्षा कड़ी, यात्रियों को अलर्ट
ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) ने देशभर के एयरपोर्ट्स पर सुरक्षा बढ़ा दी है. एयर इंडिया ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे उड़ान से कम से कम 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचे. अब चेक-इन फ्लाइट के टेक-ऑफ से 75 मिनट पहले बंद कर दिया जाएगा. सभी एयरपोर्ट्स पर 100% सेकेंडरी लैडर पॉइंट सिक्योरिटी चेक अनिवार्य कर दिया गया है.
खेल पर भी असर, IPL मैच रोका गया
धर्मशाला में दिल्ली और पंजाब के बीच चल रहे IPL मैच को अचानक रोका गया. हमलों की आशंका के चलते फ्लड लाइट्स बंद कर दी गईं और स्टेडियम को खाली करवाया गया. यह पहली बार है जब युद्ध जैसे हालात के चलते IPL जैसे मेगा इवेंट को बीच में रोका गया है.
सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच सेना का आत्मविश्वास कायम
उरी, पुंछ, राजौरी और कुपवाड़ा में भारी गोलीबारी हो रही है. तंगधार और जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर मोर्टार से हमले हुए हैं. भारतीय सेना ने KG टॉप के पास कई ड्रोन मार गिराए हैं. सेना के मुताबिक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और दुश्मन को हर मोर्चे पर मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है.