हर साल मई का पहला सोमवार फैशन प्रेमियों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं होता। इस दिन होता है मेट गाला—फैशन का सबसे भव्य, ग्लैमरस और एक्सक्लूसिव इवेंट। 2025 में भी न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट का रेड कार्पेट सितारों से जगमगा उठा—शाहरुख खान, प्रियंका चोपड़ा, कियारा आडवाणी और जाने कितने ग्लोबल सुपरस्टार्स ने इस मंच पर अपनी मौजूदगी से सबका ध्यान खींचा। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस इवेंट में कौन हिस्सा लेगा और कौन नहीं—इसका आख़िरी फैसला सिर्फ एक शख्स के पास होता है—अन्ना विंटोर।
अन्ना विंटोर, 75 साल की उम्र में भी आज फैशन इंडस्ट्री की सबसे प्रभावशाली और ताक़तवर शख्सियतों में शुमार हैं। वो न सिर्फ वोग मैगजीन की एडिटर-इन-चीफ हैं बल्कि 2020 से कॉन्डे नास्ट की ग्लोबल चीफ कंटेंट ऑफिसर भी हैं। लेकिन उनके नाम के साथ सबसे बड़ा तमगा जुड़ा है मेट गाला की “सुप्रीम बॉस” होने का। 1995 से मेट गाला की चेयरपर्सन बनने के बाद से उन्होंने इस इवेंट को सिर्फ एक फैशन शो नहीं, बल्कि एक कल्चरल, मीडिया और चैरिटी एक्स्ट्रावगांज़ा में तब्दील कर दिया।
अन्ना की फैशन यात्रा की शुरुआत भी कम दिलचस्प नहीं रही। उनके पिता चार्ल्स विंटोर खुद एक अखबार के एडिटर थे, जिन्होंने अन्ना को फैशन और पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखने के लिए प्रेरित किया। 1970 में हार्पर एंड क्वीन मैगज़ीन में असिस्टेंट एडिटर बनने के बाद उन्होंने अमेरिका में वोग जॉइन किया और 1988 में बनीं एडिटर-इन-चीफ। उनके नेतृत्व में वोग सिर्फ एक फैशन मैगज़ीन नहीं रही बल्कि कला, राजनीति और टेक्नोलॉजी का भी मंच बन गई।
लेकिन मेट गाला में अन्ना की भूमिका किसी निर्देशिका से कम नहीं। हर साल इस इवेंट की थीम वही तय करती हैं—चाहे वो “कैम्प” हो, “हेवनली बॉडीज़” या 2025 की नई गूढ़ थीम। इस गाला में किसे बुलाया जाएगा, किसे बाहर रखा जाएगा, किसकी ड्रेस थीम से मेल खाती है या नहीं—ये सब अन्ना की स्वीकृति से ही तय होता है। यहां तक कि शाहरुख खान जैसे सुपरस्टार भी इस गेट के भीतर तभी आ सकते हैं जब अन्ना विंटोर की मुहर लगे।
मेट गाला से जुड़ा हर नियम—सेल्फी बैन, मोबाइल फोन पर रोक, मेन्यू की डिटेलिंग या फंडरेज़िंग के तरीके—अन्ना की ही सोच और सख़्ती की वजह से हैं। यही वजह है कि मेट गाला में आमंत्रित होना किसी सेलिब्रिटी के लिए मानो करियर की बड़ी उपलब्धि बन चुका है। हर डिजाइनर, हर स्टार चाहता है कि अन्ना की लिस्ट में उसका नाम शामिल हो।
अन्ना विंटोर ने अपने दृढ़ निश्चय, स्टाइलिश बॉब हेयरकट और हमेशा पहने जाने वाले सनग्लासेस के साथ न सिर्फ खुद को बल्कि पूरे मेट गाला को एक पॉप-कल्चर सिंबल बना दिया है। उनकी मौजूदगी ही इस बात की गारंटी होती है कि इवेंट में क्लास, कल्चर और कंट्रोल तीनों का बेहतरीन संगम होगा।
तो अगली बार जब आप मेट गाला के रेड कार्पेट पर किसी स्टार को चलते देखें, तो जान लीजिए कि उस एक झलक के पीछे अन्ना विंटोर की महीनों की सोच और सख़्ती शामिल है। क्योंकि मेट गाला में चमकने से पहले, सबसे पहले जरूरी होती है “अन्ना की हां।”
;