उत्तर प्रदेश सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए एक बड़ी पहल की है। अब राष्ट्रीय राजमार्गों (नेशनल हाईवे), एक्सप्रेस-वे और प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाले मार्गों के किनारे ढाबा, मोटल, फूड प्लाजा, शौचालय और अन्य वे-साइड सुविधाएं विकसित करने पर सरकार 30% तक की सब्सिडी देगी। इस योजना के तहत 25 मई 2025 तक आवेदन किए जा सकते हैं।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, यात्रियों को सुविधाएं
इस योजना का उद्देश्य राज्य में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे न केवल उनकी यात्रा सुखद होगी, बल्कि उत्तर प्रदेश को पर्यटन के नक्शे पर और अधिक सशक्त पहचान मिलेगी। सरकार चाहती है कि हाइवे और एक्सप्रेस-वे के किनारे साफ-सुथरे ढाबे, आरामदायक मोटल और आकर्षक फूड प्लाजा बनें, जो पर्यटकों और यात्रियों को उच्चस्तरीय सेवा दे सकें।
स्थानीय उद्यमियों को मिलेगा रोजगार का मौका
योजना के तहत स्थानीय उद्यमी अपनी निजी ज़मीन पर इन सुविधाओं का निर्माण कर सकते हैं। इसमें मैरिज लॉन, पेट्रोल पंप परिसरों में ढाबे, मोटल और फूड प्लाजा विकसित करने पर सरकार पूंजीगत व्यय (कैपिटल एक्सपेंडिचर) का 30% तक अनुदान देगी। साथ ही भूमि खरीदने पर रजिस्ट्री और स्टाम्प ड्यूटी में भी पूरी छूट दी जाएगी, जिससे निवेश की लागत काफी कम हो जाएगी।
मौजूदा ढाबों को भी मिलेगा फायदा
न केवल नए ढाबा-मोटल वालों को, बल्कि पहले से चल रहे व्यवसायों को भी योजना में शामिल किया गया है। यदि कोई पुराना ढाबा अपने परिसर में नई सुविधाएं जोड़ता है—जैसे पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग शौचालय, दिव्यांगजनों के लिए विशेष टॉयलेट, बच्चों के लिए खेल उपकरण, आरओ सिस्टम, मॉड्यूलर किचन, फ्रीजर आदि—तो सरकार उन्हें भी सब्सिडी देगी।
प्रचार-प्रसार में भी मिलेगा साथ
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग इन ढाबों और मोटल्स का प्रचार-प्रसार भी करेगा। इसके लिए ढाबों के बाहर साइनेज, ग्लो साइन बोर्ड लगाए जाएंगे ताकि यात्रा के दौरान लोगों का ध्यान इन सुविधाओं की ओर आकर्षित हो और व्यवसाय को बढ़ावा मिल सके।
ऐसे करें आवेदन
अगर आप इस योजना के तहत हाइवे, एक्सप्रेस-वे या पर्यटन मार्गों के पास ढाबा, मोटल या फूड प्लाज़ा खोलना चाहते हैं, तो आपको up-tourismportal.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। वेबसाइट पर सभी जरूरी दस्तावेजों की सूची उपलब्ध है। आवेदन की अंतिम तिथि 25 मई 2025 है। इसके बाद पर्यटन विभाग आवेदन की जांच करेगा और पात्रता के अनुसार सब्सिडी प्रदान की जाएगी।
निवेश का सुनहरा अवसर
उत्तर प्रदेश सरकार की यह योजना उन उद्यमियों के लिए सुनहरा मौका है, जो पर्यटन से जुड़कर रोजगार और आय का नया जरिया खोजना चाहते हैं। सरकार की तरफ से पूंजी में राहत, टैक्स में छूट और प्रचार का समर्थन इस क्षेत्र को नए निवेश का आकर्षक केंद्र बना रहा है।
;