गर्मियों के बढ़ते तापमान का असर बच्चों की स्किन पर साफ दिखता है, खासकर रैश (चक्कते) के रूप में. तेज गर्मी और पसीने के कारण स्किन पर छोटे-छोटे दाने या लाल चकत्ते उभरने लगते हैं. यह समस्या आमतौर पर बच्चों में अधिक देखने को मिलती है, और अक्सर माता-पिता घबराकर इसे गंभीर मान लेते हैं. हालांकि, एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह एक सामान्य समस्या है, जिसे घबराने की जरूरत नहीं है.
हीट रैश के कारणों को समझें
गर्मियों में बच्चों की स्किन के छिद्र बंद हो जाते हैं, जिससे पसीना बाहर निकलने में मुश्किल होने लगती है. इस स्थिति में पसीना स्किन के अंदर ही रह जाता है और स्किन पर रैश या चक्कते दिखाई देने लगते हैं. यह समस्या विशेष रूप से गर्म वातावरण में अधिक होती है, जहां शरीर का तापमान तेजी से बढ़ता है और पसीने की अधिकता होती है.
लक्षण: स्किन पर जलन और खुजली
जब बच्चों की स्किन पर हीट रैश होता है, तो सबसे पहले लाल चकत्ते या छोटे दाने दिखाई देते हैं. साथ ही स्किन पर जलन और खुजली महसूस होती है, जिससे बच्चे परेशान हो जाते हैं. पसीना अधिक आने लगता है, और कभी-कभी यह समस्या पूरे शरीर में फैल सकती है. इसलिए बच्चों में इस तरह के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत ध्यान देना जरूरी है.
अगर नजरअंदाज किया तो हो सकता है इंफेक्शन
हीट रैश को नजरअंदाज करना बच्चे के स्वास्थ्य के लिए खतरे का कारण बन सकता है. बार-बार खुजली करने से फंगल इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है. इसके अलावा, स्किन पर फोड़े-फुंसी भी हो सकते हैं, जिससे दर्द और परेशानी बढ़ सकती है. यह एक्जिमा, डर्मेटाइटिस और यहां तक कि सेप्सिस जैसे बैक्टीरियल संक्रमण का कारण भी बन सकता है. इसलिए इस समस्या का इलाज समय रहते करना बहुत महत्वपूर्ण है.
हीट रैश से बचने और इलाज के उपाय
हीट रैश से बचने के लिए बच्चों को ठंडी जगह पर रखना, हल्के और सांस लेने योग्य कपड़े पहनाना जरूरी है. बच्चों की स्किन को सूखा और ठंडा रखना चाहिए. गर्मी में बच्चों को अधिक पानी पिलाना चाहिए, ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे. अगर रैश दिखाई दें तो नर्म और एंटी-बैक्टीरियल साबुन से बच्चों की स्किन को धोकर अच्छे से सुखाएं. खुजली से बचने के लिए डॉक्टर से सलाह लेकर हलके मॉइस्चराइज़र का उपयोग कर सकते हैं.
कभी भी अनदेखी ना करें, डॉक्टर से सलाह लें
अगर हीट रैश के लक्षण गंभीर हो जाएं या बच्चे को अत्यधिक दर्द हो, तो इसे अनदेखा ना करें. तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए, ताकि समय रहते उचित इलाज मिल सके. इस समस्या को ध्यान में रखते हुए बच्चों की स्किन की देखभाल में कोई भी लापरवाही नहीं करनी चाहिए.
;