Health: सौ जड़ों वाला पौधा’ शतावरी: महिलाओं की सेहत का गुप्त रक्षक, इसके फायदे जानकर हो जाएंगे दंग

शतावरी, जिसे आयुर्वेद में ‘सौ जड़ों वाला पौधा’ कहा जाता है, न सिर्फ बाग-बगिचों की शोभा बढ़ाती है बल्कि महिलाओं की सेहत के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है। इसकी कोमल, नुकीली पत्तियों वाली झाड़ीदार लताएं देखने में जितनी आकर्षक लगती हैं, उससे कहीं अधिक यह औषधीय गुणों से भरपूर होती है। आयुर्वेदाचार्यों का मानना है कि शतावरी महिलाओं की कई आम लेकिन परेशान करने वाली शारीरिक समस्याओं को जड़ से खत्म करने में मददगार है।

शतावरी के औषधीय गुण

पंजाब स्थित ‘बाबे के आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल’ के आयुर्वेदाचार्य डॉ. प्रमोद आनंद तिवारी बताते हैं कि शतावरी के पौधे का हर हिस्सा – जड़, तना और पत्तियां – औषधीय उपयोग में लाई जाती हैं। इसका नियमित सेवन न केवल महिलाओं को हार्मोनल असंतुलन, मासिक धर्म से जुड़ी समस्याओं, और थकान से राहत देता है, बल्कि एनीमिया, माइग्रेन, बवासीर, अनिद्रा और मधुमेह जैसी गंभीर समस्याओं में भी लाभ पहुंचाता है। यह पौधा पाचन तंत्र को मजबूत करता है और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाता है।

महिलाओं के लिए क्यों खास है शतावरी

आयुर्वेद में शतावरी को ‘स्त्रियों की शक्ति’ कहा गया है। यह रजोनिवृत्ति (Menopause), मासिक धर्म के दर्द, गर्भधारण और प्रसव के बाद की कमजोरी में बेहद लाभकारी होती है। शतावरी के सेवन से हार्मोन संतुलित होते हैं और मानसिक तनाव कम होता है। इसके अलावा यह स्तनपान कराने वाली महिलाओं में दूध की मात्रा बढ़ाने के लिए भी जानी जाती है।

शतावरी के पोषक तत्वों की भरमार

डॉ. तिवारी के अनुसार, शतावरी में फाइबर, प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, विटामिन के, विटामिन ई और सी, आयरन, कैल्शियम, मैंगनीज, जिंक, सेलेनियम और शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। ये सभी तत्व मिलकर शरीर को मजबूती प्रदान करते हैं और त्वचा को भी निखारते हैं।

शतावरी काढ़ा: घरेलू उपचार का आसान तरीका

शतावरी की जड़ से बना काढ़ा एक असरदार घरेलू उपाय है, जिसे पीरियड्स के दौरान होने वाली ऐंठन, पेट दर्द और मानसिक तनाव को कम करने में उपयोग किया जाता है। यह काढ़ा पाचन को बेहतर बनाता है और शरीर में गैस, कब्ज और जलन जैसी समस्याओं से निजात दिलाता है। नियमित रूप से इसका सेवन अनिद्रा को भी दूर करता है और मन को शांत करता है।

प्रतिरक्षा तंत्र को बनाए मजबूत

शतावरी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूती देती है। बदलते मौसम में होने वाले सर्दी-जुकाम, बुखार या संक्रमण से यह रक्षा करती है। एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर यह जड़ी-बूटी शरीर को विषैले तत्वों से भी मुक्त रखती है।

‘सौ जड़ों वाला पौधा’ शतावरी न केवल एक प्राकृतिक औषधि है बल्कि महिलाओं की सेहत का संपूर्ण समाधान है। इसकी नियमित खपत जीवनशैली संबंधी कई समस्याओं को दूर करने में सहायक है। आयुर्वेदाचार्य शतावरी को हर महिला की दिनचर्या में शामिल करने की सलाह देते हैं ताकि वह स्वस्थ, सशक्त और संतुलित जीवन जी सके।

;
The Hindi Post
Author: The Hindi Post