आईपीएल 2025 में अपने शुरुआती मुकाबलों में संघर्ष कर रही मुंबई इंडियंस टीम के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की मैदान पर वापसी अब ज्यादा दूर नहीं है। जनवरी में ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान चोटिल होने के बाद से बुमराह क्रिकेट एक्शन से बाहर हैं, लेकिन अब उनकी वापसी की उलटी गिनती शुरू हो गई है। फैंस के लिए यह खबर किसी तोहफे से कम नहीं है।
बुमराह को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी टेस्ट मैच में पीठ की चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें आराम दिया गया और वो चैंपियंस ट्रॉफी से भी बाहर हो गए। इस चोट के चलते बुमराह ने आईपीएल 2025 के शुरुआती तीन मुकाबलों में भी हिस्सा नहीं लिया। हालांकि, अब खबर है कि वो जल्द ही मुंबई इंडियंस की जर्सी में मैदान पर वापसी कर सकते हैं।
COE में चल रहा है रिहैब, फिटनेस टेस्ट के बेहद करीब हैं बुमराह
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सिलेंस (COE) में बुमराह का रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम अब अंतिम दौर में है। सूत्रों के मुताबिक, बुमराह को मेडिकल रूप से फिट घोषित किया जा चुका है। हालांकि, अभी उनका बॉलिंग वर्कलोड टेस्ट किया जाना बाकी है। रिपोर्ट्स की मानें तो बुमराह अगले कुछ दिनों में इस आखिरी फिटनेस टेस्ट को पास कर सकते हैं। इस टेस्ट में उन्हें पूरी क्षमता से गेंदबाजी करते हुए देखा जाएगा, जिससे उनकी मैदान पर वापसी की पुष्टि हो सके।
इन मैचों से बाहर रहेंगे बुमराह, दिल्ली के खिलाफ हो सकती है वापसी
ईएसपीएन क्रिकइंफो की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बुमराह को अभी कम से कम दो और मुकाबलों में बाहर रहना पड़ सकता है। 4 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स और 9 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ होने वाले मुकाबलों में बुमराह नहीं खेलेंगे। लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि 13 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उनका दमदार कमबैक हो सकता है। अगर तब भी वापसी नहीं हुई तो 17 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनकी वापसी लगभग तय मानी जा रही है।
जल्दबाजी से बचना चाहते हैं बुमराह और BCCI
मुंबई इंडियंस और उनके फैंस जहां बुमराह की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहीं खुद बुमराह और बीसीसीआई कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते। बुमराह पूरी तरह से आश्वस्त होकर ही मैदान में उतरना चाहते हैं, क्योंकि आईपीएल के बाद टीम इंडिया को इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट मैचों की अहम सीरीज खेलनी है। इस सीरीज में बुमराह की भूमिका बेहद अहम होगी। ऐसे में उनका फिट रहना टीम इंडिया की प्राथमिकता है।
मुंबई इंडियंस को बुमराह की सख्त जरूरत
हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने अपने शुरुआती दो मुकाबले गंवाए, लेकिन तीसरे मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत दर्ज कर वापसी की राह पकड़ी। हालांकि, टीम की गेंदबाजी में अनुभव की कमी साफ नजर आ रही है। ट्रेंट बोल्ट और दीपक चाहर जैसे अनुभवी गेंदबाज मौजूद हैं, लेकिन बुमराह जैसा मैच विनर गेंदबाज टीम को संतुलन प्रदान करता है।
युवा गेंदबाज अश्वनी कुमार ने अपने डेब्यू मैच में जरूर प्रभावित किया, लेकिन अनुभव की कमी बड़ी टीमों के खिलाफ मुश्किलें खड़ी कर सकती है। ऐसे में बुमराह की वापसी से टीम को मजबूती मिलेगी और पंड्या को कप्तानी में भी बड़ा सहारा मिलेगा।
फैंस को भी बुमराह का बेसब्री से इंतजार
सोशल मीडिया पर भी बुमराह की वापसी को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। फैंस लगातार बुमराह की फिटनेस अपडेट्स पर नजर बनाए हुए हैं। नेट्स में गेंदबाजी करते हुए उनके वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिससे यह साफ हो रहा है कि वो अपने पुराने रफ्तार में लौटने के करीब हैं।
अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो 13 अप्रैल को दिल्ली के खिलाफ मैदान पर उतरते ही बुमराह ना सिर्फ मुंबई इंडियंस के लिए बल्कि पूरे आईपीएल के लिए एक बड़ा रोमांच लेकर आएंगे।
;