मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश): बॉलीवुड फिल्म ‘विवाह’ में आपने देखा होगा कि घायल हीरो अस्पताल में लेटी हीरोइन से शादी कर लेता है। मिर्जापुर में भी कुछ ऐसा ही वाकया हकीकत बन गया, बस फर्क ये था कि इस बार प्रेमिका ने घायल प्रेमी से अस्पताल में ही शादी कर ली। यह अनोखी प्रेम कहानी अब जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जिले के जिगना थाना क्षेत्र के गोगांव निवासी शिवराज सिंह बीते 8 महीनों से मिर्जापुर के मंडलीय अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती हैं। सड़क हादसे में उनका पैर बुरी तरह टूट गया था, जिसके बाद से उनका इलाज चल रहा है। इसी बीच, 2 अप्रैल को उनकी प्रेमिका पुष्पांजलि सिंह, जो लालगंज थाना क्षेत्र के पुचनीपुरा की रहने वाली हैं, अचानक अस्पताल पहुंची और अपने प्रेमी से शादी रचा ली।
बिना बताए पहुंची अस्पताल, बोली—अब नहीं तो कब?
प्रेमिका पुष्पांजलि सिंह अपने घरवालों को बिना बताए अस्पताल पहुंची और जैसे ही शिवराज को देखा, भावुक हो उठी। उसने अपने प्रेमी से कहा, “जब तुम इतने दर्द में हो, तो शादी अगर अब नहीं करूंगी, तो कब करूंगी?” यह सुनते ही शिवराज सिंह ने अस्पताल के बेड पर ही पुष्पांजलि की मांग में सिंदूर भर दिया और उसे गले लगा लिया। इस तरह अस्पताल में एक अनोखी शादी का गवाह बना मंडलीय अस्पताल का ट्रामा सेंटर।
7 साल पुराना प्रेम, 8 महीने की परीक्षा
शिवराज और पुष्पांजलि की प्रेम कहानी कोई नई नहीं है। दोनों एक-दूसरे को पिछले सात साल से जानते हैं। ढाई साल पहले पुष्पांजलि अपनी बहन के घर गई थीं, जहां शिवराज से उनकी पहली मुलाकात हुई। धीरे-धीरे बातचीत का सिलसिला प्यार में बदला और दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया। इसी बीच सड़क हादसे में शिवराज घायल हो गए और 8 महीने से अस्पताल में भर्ती हैं।
परिवार ने किया विरोध, लेकिन प्रेमिका अडिग
शादी की जानकारी जब लड़की के परिवार वालों को मिली तो वे अस्पताल पहुंचे और शादी न करने की सलाह दी। लेकिन पुष्पांजलि अपने फैसले पर अडिग रही। उसने साफ कह दिया कि वह किसी भी कीमत पर शिवराज का साथ नहीं छोड़ेगी। इसके बाद परिजन नाराज होकर वहां से लौट गए।
कोर्ट में दिया बयान, अब साथ जीने-मरने की कसमें
शादी के बाद दोनों ने मिर्जापुर कोर्ट में भी अपना बयान दर्ज करा दिया है। पुष्पांजलि ने कहा, “हम दोनों अब पति-पत्नी हैं। मैं बीएससी सेकंड ईयर में पढ़ रही हूं और मेरे ससुराल वाले ही मेरी पढ़ाई पूरी करवाएंगे। मैं अपने परिवार को छोड़कर कहीं नहीं जाऊंगी।”
वहीं, शिवराज सिंह ने कहा, “हम एक-दूसरे से सच्चा प्यार करते हैं। पुष्पांजलि ने उस वक्त मेरा साथ दिया जब मैं सबसे कमजोर था। अब वह मेरी धर्मपत्नी है, और मैं जीवनभर उसका साथ नहीं छोड़ सकता।”
जिले में बना चर्चा का विषय
यह अनोखी शादी मिर्जापुर में लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया पर भी यह प्रेम कहानी वायरल हो गई है। लोग इस प्रेम कहानी को सच्चे प्यार की मिसाल बता रहे हैं, तो कुछ इसे फिल्मी सीन की हकीकत में बदलती कहानी मान रहे हैं।;