महाकुंभ की पवित्र नगरी प्रयागराज में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की “स्वच्छ महाकुंभ” पहल के तहत नगर निगम प्रयागराज द्वारा एक अनोखी पहल की गई है। इस पहल के तहत स्वच्छता रथ यात्रा का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
महापौर ने स्वच्छता रथ यात्रा का किया उद्घाटन
स्वच्छता रथ यात्रा का उद्घाटन महापौर उमेश चंद गणेश केशरवानी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस यात्रा की शुरुआत चौक कोतवाली से हुई, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए राम भवन चौराहे पर समाप्त हुई। इस यात्रा में एक विशेष रूप से सजाया गया स्वच्छ रथ शामिल था, जिसमें मां गंगा की मूर्ति, महाकुंभ के प्रतीक साधुओं के स्कल्पचर और पेड़-पौधों से सजावट की गई थी।
नुक्कड़ नाटक और संगीत बैंड के माध्यम से जागरूकता
स्वच्छता रथ यात्रा के दौरान नुक्कड़ नाटक और स्वच्छता संगीत बैंड ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं। नुक्कड़ नाटक के कलाकारों ने सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग डस्टबिन में डालने का संदेश दिया। स्वच्छता संगीत बैंड ने भी अपने गीतों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
जनभागीदारी से स्वच्छ प्रयागराज का सपना
इस यात्रा के माध्यम से स्थानीय नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी महसूस करें और शहर को साफ-सुथरा रखने में योगदान दें। इस यात्रा ने जन-जागरूकता का मजबूत वातावरण बनाया, जिसमें स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
स्वच्छता रथ यात्रा के माध्यम से नगर निगम प्रयागराज ने न केवल स्वच्छता का संदेश फैलाया, बल्कि महाकुंभ के दौरान स्वच्छता के महत्व को भी रेखांकित किया। इस पहल से उम्मीद है कि प्रयागराज के नागरिक स्वच्छता के प्रति जागरूक होकर अपने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहायक होंगे।;