संभल के बाद वाराणसी में ‘बाबा’ मिले, करोड़ों सनातनियों के चेहरे खिले, करीब 250 साल पुराना है मंदिर

संभल में सैकड़ों साल पुराने मंदिर को खोलने की कवायद पूरी होने के बाद अब काशी में भी एक मंदिर मिला है. कहा जा रहा है कि ये मंदिर भी सैकड़ों सालों से बंद पड़ा है. जिसके बाद अब इस मंदिर को भी खुलवाने की कवायद तेज हो गई है. ये मंदिर शहर के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र मदनपुरा इलाके में है. लोगों का कहना है कि बीते कई दशकों से यहां पूजा पाठ बंद हो गई है. सोमवार रात को सनातन रक्षक दल के कई सदस्यों ने इस मंदिर को खुलवाने की मांग उठाई, तो इस मंदिर की तस्वीर भी सामने आ गई.

सोशल मीडिया पर छाई मंदिर की तस्वीरें

इस मंदिर की तस्वीर सोशल मीडिया पर छाई हुई है. जिसके बाद अब इस मंदिर को खुलवाने और इसमें पूजा पाठ शुरू कराने को लेकर तरह-तरह के कमेंट्स यूजर्स कर रहे हैं. सनातन रक्षक दल के अध्यक्ष अजय शर्मा की मानें तो इस मंदिर को खुलवाने के लिए उन्होंने वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस के आला अफसरों से संपर्क साधा था. पुलिस को जैसे ही सैकड़ों साल पुराने मंदिर के बंद होने की जानकारी मिली. वैसे ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है.

पुलिस ने मंदिर को लेकर इलाके के लोगों से की पूछताछ

बंद पड़े मंदिर की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. लोगों द्वारा पुलिस को बताया गया है कि इस बंद पड़े मंदिर में भी मलबा भरा हुआ है. देव विग्रह भी उसी में छुपे हुए है. बता दें कि पुलिस को पूछताछ में फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि यह मंदिर कब से बंद पड़ा है.

सनातन रक्षक दल के अध्यक्ष ने किया ये दावा

इस मामले में सनातन रक्षक दल के अध्यक्ष अजय शर्मा ने दावा किया है कि ये प्राचीन मंदिर भगवान शिव का हो सकता है. जो काफी लंबे समय से बंद पड़ा हुआ है. फिलहाल पुलिस इलाके के स्थानीय बुजुर्गों और जानकारों से मंदिर के बारे में पूछताछ करके जानकारी जुटाने में जुटी हुई है. बता दें कि कुछ लोगों का मानना है कि ये मंदिर 250 साल पुराना है.

स्थानीय लोगों से बात करने के बाद होगा फैसला

वहीं इस पूरे मामले को लेकर डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल का कहना है कि इस मंदिर को खुलवाने के लिए स्थानीय लोगों से बातचीत की जा रही है. मौजूदा स्थिति के अनुसार ये मंदिर सार्वजनिक स्थल पर बना है और बंद पड़ा है. ऐसे में पुलिस द्वारा मंदिर को स्थानीय लोगों के साथ वार्ता कर खुलवाने की कोशिश की जा रही है. फिलहाल इसमें कोई विवाद जैसी स्थिति नहीं बनी है और माहौल शांतिपूर्ण है.

 

The Hindi Post
Author: The Hindi Post