ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पार्श्वनाथ पनोरमा हाउसिंग सोसाइटी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. सोसाइटी के एक फ्लैट में गांजे की खेती किए जाने का खुलासा हुआ है. गांजे की खेती का ये मामला तब सामने आया जब थाना बीटा-2 पुलिस, थाना इकोटेक-1 पुलिस व नॉरकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने संयुक्त रूप से फ्लैट पर छापा मारा. इस दौरान अवैध रूप से फ्लैट में गांजे की खेती देखकर अधिकारी खुद हैरान रह गए. बताया जा रहा है कि फ्लैट में की गई गांजे की खेती विदेशों में होती है.
अवैध गांजे की खेती के मामले में एक युवक गिरफ्तार
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए राहुल नाम के एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है. राहुल चौधरी को पी-3 गोलचक्कर के पास से थाना क्षेत्र बीटा-2 से गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपी के पास से 2.070 ग्राम अवैध गांजा, 163.4 ग्राम कैनाबिस, विभिन्न रसायन, खेती करने में प्रयुक्त की जाने वाली खाद, बीज और उपकरण आदि बरामद कर लिया है. मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसा मामला पहली बार सामने आया है, जब इतनी उन्नत तकनीक से फ्लैट में गांजे की खेती पकड़ी गई है. इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पुलिस पकड़े गए युवक से गहनता से पूछताछ कर ग्राहकों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
सोशल मीडिया से आरोपी ने सीखी गांजे की खेती
डीसीपी ग्रेटर नोएडा साद मिया खान ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी से पूछताछ के दौरान पता चला है कि आरोपी अंग्रेजी विषय से परास्नातक है और इंटरनेट का अच्छा जानकार भी है. आरोपी ने इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के माध्यम से कैनाबिस के पौधों की खेती करनी सीखी. विदेशी वेबसाइट सीड्समैन के द्वारा ऑनलाइन आर्डर कर कैनाबिस के बीजों को आयात किया और पे-पल एप्प के जरिए रुपयों का लेन-देन किया गया. जिसके बाद आरोपी ने अपने फ्लैट में एयर कंडीश्नर की सहायता से एक निश्चित तापमान पर फुल स्पैक्ट्रम प्लांट ग्रोइंग लाइट के द्वारा कैनाबिस के बीजों को गमलों में प्रत्यारोपित कर कैनाबिस की फसल तैयार कर ली.
डार्क वेब के द्वारा ग्राहकों को सप्लाई करता था गांजा
मिली जानकारी के अनुसार इस काम में एक पौधे पर करीब 5 से 7 हजार रूपये का खर्च आता है. जिससे करीब 30 से 40 ग्राम ओजी मिल जाता है. जिसकी बाजारू कीमत 60 से 80 हजार रूपये के लगभग होती है. जिसकी सप्लाई आरोपी डार्क वेब के द्वारा अपने ग्राहकों को करता था. इस तरह से आरोपी अपने फ्लैट में कैनाबिस की खेती कर मुनाफा कमाकर अवैध धन अर्जित कर रहा था. आरोपी राहुल चौधरी OTT सीरीज और फिल्मों में इस तरह से गांजे की खेती देखकर प्रभावित हुआ और खुद ये काम करना शुरू कर दिया.