31 अक्टूबर को आईपीएल 2025 के रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की जाएगी. मगर इससे पहले टीम इंडिया के ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार ऑलराउंडर खिलाड़ी वॉशिंगटन सुंदर को तीन टीमें खरीदना चाहती हैं. जिसका मतलब साफ है कि अगर सुंदर ऑक्शन में गए तो उन पर करोड़ों रुपये बरस सकते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक वॉशिंगटन सुंदर को मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपरकिंग्स और गुजरात टाइटंस खरीदने की तैयारी में हैं. ऐसा माना भी जा रहा है कि वॉशिंगटन सुंदर आईपीएल 2025 की प्लेयर ऑक्शन में उतरने वाले हैं. फिलहाल ये खिलाड़ी सनराइजर्स का हिस्सा है और टीम शायद ही सुंदर को रिटेन करे. हालांकि सनराइजर्स हैदराबाद राइट टू मैच कार्ड के तहत सुंदर को खरीद सकती है.
इस वजह से डिमांड में हैं सुंदर
वॉशिंगटन सुंदर इस वजह से इतनी डिमांड में हैं क्योंकि सुंदर पिछले दो सालों में बेहतरीन ऑलराउंडर के तौर पर उभर कर सामने आए हैं. वो बेहतरीन ऑफ स्पिनर होने के साथ ही साथ मिडिल ऑर्डर और टॉप ऑर्डर में बैटिंग करने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज भी हैं. सुंदर की बड़ी खासियत ये है कि वो नई गेंद से ओपन बॉलिंग करने में भी माहिर हैं. टी20 क्रिकेट में सुंदर का इकॉनमी रेट बेहतरीन है. टीम इंडिया के लिए वॉशिंगटन सुंदर अब तक 52 टी 20 मैचों में 47 विकेट हासिल कर चुके हैं और सुंदर का इकॉनमी रेट सिर्फ 6.87 रन प्रति ओवर है. मौजूदा दौर के खेल में ये आंकड़े कमाल के हैं.
IPL में अब तक सुंदर ने एक अर्धशतक भी नहीं लगाया
साल 2017 से वॉशिंगटन सुंदर आईपीएल खेल रहे हैं. सुंदर ने राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स से आईपीएल में डेब्यू किया था. हालांकि साल 2018 में सुंदर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास चले गए. 4 सालों तक सुंदर रॉयल चैलेंजर्स टीम में रहे. वहीं अब पिछले तीन सीजन से ये खिलाड़ी सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा है. इस खिलाड़ी ने आईपीएल में 58 टी20 मैचों में 37 विकेट हासिल किए हैं. वैसे दिलचस्प बात ये है कि सुंदर को बल्लेबाज तो बेहतरीन हैं लेकिन सुंदर कभी भी आईपीएल में एक अर्धशतक तक नहीं लगा सके हैं और इसकी एक बड़ी वजह उनका लोअर ऑर्डर में खेलना है.