रामलला के अयोध्या में विराजमान होने के बाद साल 2024 का दीपोत्सव प्रभुश्रीराम का पहला दीपोत्सव है. इस बार का ये दीपोत्सव जहां अयोध्या वासियों के लिए भव्य और दिव्य होने वाला है वहीं इस बार के दीपोत्सव में सूबे के मुखिया सीएम योगी आदित्यनाथ भी शिरकत करने वाले हैं. सीएम योगी के इस उत्सव में शिरकत करने से अयोध्या नगरी को चार चांद लग जाएंगे. बता दें कि इस कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी अयोध्या में करीब 20 घंटे गुजारने वाले हैं. सीएम योगी 30 अक्तूबर को दोपहर 2:20 बजे रामकथा पार्क पहुंचेंगे और 31 अक्तूबर को सुबह 10:20 बजे गोरखपुर के लिए रवाना हो जाएंगे.
30 अक्टूबर को शोभायात्रा से होगी दीपोत्सव की शुरुआत
इस दीपोत्सव के मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत 30 अक्तूबर को सुबह 9 बजे साकेत महाविद्यालय से शोभायात्रा निकलने के साथ हो जाएगी. इस दीपोत्सव में शिरकत करने के लिए हेलीकॉप्टर से मुख्यमंत्री का रामकथा पार्क हेलीपैड पर आगमन दोपहर 2:20 बजे होगा. यहां पर सीएम प्रदर्शनी और शोभायात्रा का अवलोकन करेंगे. इसके बाद प्रभु श्रीराम और सीता के स्वरूपों का रामकथा पार्क हेलीपैड पर आगमन दोपहर 2:40 बजे होगा. हेलीपैड स्थल के पास बने मंच पर भरत मिलाप और श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान व वशिष्ठ मुनि के प्रतिरूपों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा दोपहर 2:50 बजे होगी. श्रीराम व सीता के स्वरूप रथ पर बैठकर हेलीपैड स्थल से रामकथा पार्क में बने मंच पर दोपहर 3 बजे आसन ग्रहण करेंगे. इसके बाद श्रीराम सीता के स्वरूपों की पूजा, आरती व श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक किया जाएगा.
राम की पैड़ी से अतिथियों को सीएम करेंगे संबोधित
रामकथा पार्क में कई कार्यक्रम दोपहर 3.15 से शाम 5.55 बजे तक किए जाएंगे. रामकथा पार्क से सरयू आरती के लिए सीएम योगी शाम 5.55 बजे रवाना होंगे. इसके बाद सीएम योगी नयाघाट पर शाम 6 से 6.20 बजे तक सरयू आरती में हिस्सा लेंगे. राम की पैड़ी पर बने मंच पर शाम 6.25 बजे सीएम योगी का आगमन होगा. जहां शाम 6.25 बजे से 7.25 बजे तक दीपोत्सव के मुख्य कार्यक्रम दीप प्रज्जवलन का गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड, प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो और अतिथियों को संबोधित किया जाएगा.
31 अक्टूबर को गोरखपर के लिए रवाना होंगे सीएम योगी
इसके बाद आतिशबाजी के अवलोकन के लिए सीएम योगी फिर से सरयू घाट पर बने मंच पर शाम 7.30 बजे पहुंचेंगे. ग्रीन एवं डिजिटल फायर वर्क्स के अवलोकन के बाद राम की पैड़ी से रामकथा पार्क के लिए सीएम शाम 7.45 बजे जाएंगे. रामकथा पार्क में रामलीला का अवलोकन शाम 7.50 से 9.30 तक करने के बाद सीएम योगी सरयू होटल में रात्रि विश्राम करें. वहीं 31 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से 8.30 तक रामलला व हनुमानगढ़ी में सीएम योगी दर्शन- पूजन करेंगे. सुबह 8.35 से 8.55 बजे तक मणिरामदास छावनी व बड़ा भक्तमाल में संतों से भेंट करेंगे. कारसेवकपुरम में सुबह 9 बजे से 10 बजे तक साधु-संतों के साथ जलपान करेंगे. इसके बाद सुबह 10.20 बजे रामकथा पार्क के हेलीपैड से गोरखपुर के लिए रवाना हो जाएंगे.