बुलंदशहर में सिकंदराबाद थाना क्षेत्र की आशापुरी कॉलोनी में सोमवार रात दर्दनाक हादसा हो गया. जहां सिलेंडर फटने से एक घर की छत भरभराकर गिर गई. वहीं इस भयानक हादसे में मलबे में दबकर परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की संभावना जताई जा रही है. घटना की सूचना पर मौके पर पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा ले रहे हैं. मिली जानकारी के अनुसार मलबे में महिलाओं और बच्चों के दबे होने की आशंका है. फिलहाल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है.
सिलेंडर में तेज धमाके से गिरा घर
जानकारी के अनुसार सोमवार रात सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के गुलावठी रोड स्थित आशापुरी कॉलोनी के एक घर में अचानक से सिलेंडर में धमाका हुआ. वहीं सिलेंडर में धमाका होते ही पूरी घर भरभराकर गिर पड़ा और घर में मौजूद लोग मलबे में दब गए. आसपास के लोगों ने आनन-फानन में सिकंदराबाद थाना पुलिस को हादसे की सूचना दी. सूचना मिलते ही आनन-फानन में पुलिस की टीम फायर ब्रिगेड के साथ पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.
पुलिस के आला अधिकारी मौके पर मौजूद
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम, एसपी सिटी और सीओ भी घटनास्थल पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन को और तेज कराया. इसके अलावा मौके पर JCB मशीन मंगाई गई है और तेजी से मलबा हटाने का काम किया गया. पुलिस ने अब तक 5 शवों को मलबे से निकाल लिया है. वहीं अभी भी कई और के मलबे में दबे होने की आशंका है. बताया जा रहा है कि महिलाएं और बच्चे अभी भी मलबे में दबे हुए हैं. घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर बुलंदशहर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह भी पहुंच गए. डीएम ने मौके पर मौजूद पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों से घटना की जानकारी ली. डीएम ने जल्द से जल्द रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा करने के निर्देश दिए हैं. जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास जारी हैं.