बेंगलुरु टेस्ट की दूसरी पारी में किंग कोहली ने अर्धशतक जड़ दिया है. इस अर्धशतक के साथ ही कोहली के टेस्ट में 9000 रन भी पूरे हो गए हैं. विराट कोहली ने 197 टेस्ट पारियों में 9000 रनों का आंकड़ा छुआ है. कोहली के 9000 टेस्ट रन तो खास हैं ही साथ ही इस खिलाड़ी का बेंगलुरु टेस्ट में अर्धशतक भी बेहद खास रहा है. वो इस वजह से क्योंकि बेंगलुरु में जब टीम इंडिया मुसीबत में थी तभी विराट के बल्ले से अर्धशतक निकला.
9000 रन जड़ने वाले चौथे भारतीय बने कोहली
अब विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट में 9000 रन जड़ने वाले चौथे भारतीय बन गए हैं. कोहली से पहले राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर और सुनील गावस्कर ये कारनामा कर चुके हैं. वैसे इन दिग्गजों में से कोहली ने सबसे ज्यादा पारियां खेलकर 9000 का आंकड़ा छुआ है. द्रविड़ ने 176 पारियों में 9000 टेस्ट रन पूरे किए थे जबकि सचिन ने 179 पारियों में ये कारनामा कर दिखाया था. गावस्कर ने 192 पारियों और विराट ने 197 पारी में 9000 टेस्ट रन पूरे किए हैं. कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा 2042 रन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जड़े हैं. इसके अलावा इंग्लैंड के खिलाफ 1991 रन हैं. जबकि साउथ अफ्रीका, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के खिलाफ भी 1 हजार से ज्यादा रन हैं. बता दें कि टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 9000 रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड कुमार संगकारा के नाम दर्ज है. संगकारा ने 172 पारियों में इस कारनामे को अंजाम दिया था. जबकि स्टीव स्मिथ ने 174 पारियों में 9000 टेस्ट रन पूरे किए थे. इनमें राहुल द्रविड़ तीसरे स्थान पर हैं.
11 महीने बाद टेस्ट में कोहली का अर्धशतक
कोहली भारत के लिए नंबर 3 पर 15000 इंटरनेशनल रन बनाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं. अब तक सिर्फ पॉन्टिंग, संगकारा और केन विलियमसन ही ये कारनामा कर सके है. बेंगलुरु में विराट कोहली का अर्धशतक बेहद खास है क्योंकि इस खिलाड़ी ने पूरे 11 महीने बाद टेस्ट में अर्धशतक जमाया है. विराट पिछली 8 पारियों से जूझ रहे थे लेकिन बेंगलुरु में उन्हें ये सफलता मिल ही गई.