महाराष्ट्र में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में लगातार आरोपियों की धरपकड़ जारी है. इसी कड़ी में शुक्रवार को पुलिस ने 5 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए इन सभी आरोपियों का लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कनेक्शन हैं. लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर बाबा सिद्दीकी की हत्या का आरोप लगा है और मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच इस हत्याकांड की जांच कर रही है. आपको बता दें कि दशहरे के दिन यानी 12 अक्टूबर को मुंबई के बांद्रा इलाके के निर्मल नगर में बाबा सिद्दीकी की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी. बाबा सिद्दीकी उस दिन अपने बेटे जीशान सिद्दीकी के ऑफिस से बाहर निकल रहे थे तभी 3 हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं. जिससे बाबा सिद्दीकी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें गंभीर हालत में लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उनकी मौत हो गई.
रायगढ़ से पुलिस ने पांच को किया अरेस्ट
मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक पुलिस को विशेष सूचना मिली थी. जिसके आधार पर रायगढ़ जिले के कर्जत और पनवे में अपराध शाखा की ओर से छापेमारी की गई. इस छापेमारी के दौरान अपराध से संबंधित साजिश और उसके निष्पादन के मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है. इस तरह से बाबा सिद्दीकी हत्या के मामले में अब तक कुल नौ लोगों को अरेस्ट कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है.
मैं जानता हूं कि न्याय जरूर मिलेगा- विधायक जीशान
वहीं विधायक जीशान शेखावत ने कहा कि मैं अभी इस मामले में कोई भी टिप्पणी करने के मूड में नहीं हूं. हमारी बैठकें चल रही हैं. अब तक तो आपने देखा ही होगा. हमारी अभी भी एक बैठक थी. मैं भी अपने परिवार की रक्षा करना चाहता हूं. कृपया मुझे कुछ समय दें, ताकि मैं आपके परिवार को सुरक्षा एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्य प्रदान कर सकूं. हम निश्चित रूप से न्याय चाहते हैं.उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कि न्याय जरूर मिलेगा. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पुलिस कमिश्नर सभी इस मामले में काम कर रहे हैं. हमारी जांच जारी है.