न्यूजीलैंड और भारत के बीच बेंगलुरू में खेले जा रहे टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय टीम 46 रनों में ढेर हो गई. बेंगलुरू की पिच पर भारतीय टीम के 5 खिलाड़ी खाता तक नहीं खोल सके. विराट कोहली, केएल राहुल, जडेजा, अश्विन और सरफराज खान का न्यूजीलैंड के खिलाफ खाता तक नहीं खुला. वहीं न्यूजीलैंड के 2 तेज गेंदबाजों मैट हेनरी और विलियम ओरौर्के ने मिलकर टीम इंडिया के धुरंधर बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया. हेनरी ने 5 विकेट हासिल किए जबकि भारत में अपना पहला टेस्ट खेल रहे ओरौर्के ने 4 विकेट अपने नाम कर लिए. न्यूजीलैंड के खिलाफ इतने कम स्कोर पर सिमटने के बाद टीम इंडिया के नाम पांच ऐसे रिकॉर्ड दर्ज हो गए हैं. जो दुनिया की कोई भी टीम अपने नाम नहीं करना चाहेगी.
टीम इंडिया ने कायम किए 5 शर्मनाक रिकॉर्ड
अब भारतीय उपमहाद्वीप में भारतीय टीम सबसे कम स्कोर बनाने वाली टीम बन गई है. 38 साल पहले वेस्टइंडीज की टीम पाकिस्तान के खिलाफ फैसलाबाद में महज 53 रन पर ऑल आउट हुई थी और अब ये अनचाहा रिकॉर्ड टीम इंडिया के नाम हो गया है. भारतीय सरजमीं पर ये किसी भी टीम का सबसे कम स्कोर भी बन गया है. साल 2021 में मुंबई टेस्ट में न्यूजीलैंड की टीम भारत के खिलाफ 62 पर ढेर हो गई थी लेकिन अब इसी टीम ने भारत को 46 रनों पर समेट कर रख दिया है. भारतीय सरजमीं पर 46 रन टीम इंडिया का सबसे छोटा स्कोर भी हैं. भारतीय टीम ने साल 1987 में वेस्टइंडीज के खिलाफ महज 75 रनों की पारी खेली थी.
टॉप 7 में से 4 बल्लेबाज खाता तक नहीं खोल सके
टेस्ट क्रिकेट में 78 साल बाद ऐसा हुआ है कि किसी टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी हो और इतने कम स्कोर पर सिमट गई हो. इससे पहले साल 1946 में न्यूजीलैंड ने वेलिंगटन टेस्ट में टॉस जीकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी और ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को 42 रनों पर समेट दिया था. बेंगलुरू टेस्ट में टीम इंडिया के 5 बल्लेबाज खाता नहीं खोल पाए. 25 साल बाद भारतीय टीम के 5 बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए हैं. 1999 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ही टीम इंडिया ने ऐसा दिन देखा था. यही नहीं ऐसा पहली बार हुआ है जब घरेलू टेस्ट में टीम इंडिया के टॉप 7 बल्लेबाजों में से 4 बल्लेबाज खाता नहीं खोल पाए हों.