आज के समय में कंटेंट क्रिएशन की दुनिया में लाखों क्रिएटर्स करोड़ों रुपए की कमाई कर रहे हैं. जिनकी संख्या भारत में भी काफी ज्यादा है. इस कमाई पर क्रिएटर्स को सरकार को टैक्स भी देना होता है. एक कंटेंट क्रिएटर को मालूम होना चाहिए कि यूट्यूब से हुई कमाई पर किस फॉर्म के तहत आईटीआर फाइल किया जाता है. साथ में टैक्स कैलकुलेशन का नियम क्या है?
भारत में 3 लाख तक की कमाई टैक्स फ्री
टैक्स कैलकुलेशन के नियम की बात करें तो पूरे भारत में ये सभी के लिए एक है. चाहें आप किसी भी तरह की कमाई क्यों ना करते हों किसान को छोड़कर सभी पर टैक्स का नियम लागू होता है. भारतीय टैक्स नियमों के अनुसार 3 लाख तक की कमाई टैक्स फ्री है. वहीं अगर आपने आईटीआर फाइल करते समय ओल्ड टैक्स रिजीम चुनी हैं तो 5 लाख का इनकम टैक्स फ्री कैटेगरी में आ जाएगा, जबकि न्यू टैक्स रिजीम में 7 लाख तक की कमाई टैक्स फ्री के दायरे में आएगी. बस इनकम टैक्स फाइल करते वक्त एक बात का ध्यान रखना होता है कि सैलरीड क्लास की तरह यूट्यूब से होने वाली कमाई को ITR-1 या ITR-2 फॉर्म के तहत फाइल नहीं किया जा सकता है.
YouTuber और क्रिएटर्स पर व्यवसायी की तरह लगता है टैक्स
एक YouTuber की आय पर फ्रीलांसर या व्यवसायी की तरह टैक्स लगाया जाता है ना कि सैलरीड व्यक्तियों की तरह. इसलिए क्रिएटर्स ITR-1 या ITR-2 फ़ॉर्म का उपयोग नहीं कर सकते हैं. इसके अलावा सैलरी क्लास टैक्सपेयर्स के लिए उपलब्ध 50,000 रुपए की स्टैंडर्ड डिडक्शन का दावा भी आप नहीं कर सकते हैं क्योंकि आपकी आय वेतन के रूप में योग्य नहीं होती. हालांकि क्रिएटर्स अपने पेशेवर खर्चों के आधार पर टैक्स में कटौती का दावा पेश कर सकते हैं. YouTuber की आय को फ्रीलांसर या व्यवसाय की तरह ही माना जाता है. इसलिए ITR-3 फ़ॉर्म का उपयोग कर सकते हैं. यदि आपने अनुमानित कराधान योजना का विकल्प चुना है, तो ITR-4 फ़ॉर्म का उपयोग करना चाहिए. ये फ़ॉर्म अधिक सरल होता है. इसके लिए बैलेंस शीट या विस्तृत लाभ और हानि विवरण की जरूरत भी नहीं होती है. हालांकि यदि आपकी आय 50 लाख रुपए से अधिक है या यदि आप घाटे को आगे ले जाना चाहते हैं, तो ITR-3 फ़ॉर्म का उपयोग करना आवश्यक है.