18 अगस्त 2024, ये वो तारीख है जिस दिन रायबरेली में कुछ ऐसा हुआ था जिसके तार अब अमेठी हत्याकांड से जुड़ रहे हैं आंशका जताई जा रही है कि अमेठी में हुए एक परिवार के कत्ल-ए-आम का रायबरेली से बड़ा कनेक्शन है, कातिल कौन है, अभी तक मामले में कुछ भी साफ नहीं हो पाया है. लेकिन इसी बीच मृतक टीचर सुनील के पिता ने चंदन वर्मा नाम के शख्स के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए FIR जरूर दर्ज करवा दी है. हालांकि इस बीच अमेठी में हुए जघन्य हत्याकांड से मामले में सियासी तपीश भी बढ़ गई है.
कानून व्यवस्था पर विपक्ष उठा रहा सवाल
दरअसल अमेठी के शिवरतनगंज में गुरुवार रात एक टीचर, उसकी पत्नी और दो बेटियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. इस बीच चारों शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आ गई है. इसमें पता चला है कि कातिल ने परिवार को कुल सात गोलियां मारी थीं. जिनमें से टीचर को एक गोली लगी थी जबकि दो गोलियां पत्नी को लगी हैं. वहीं एक-एक गोली बच्चियों को लगी. जिसने सबको हैरान कर दिया है. अखिलेश से लेकर मायावती और अमेठी सांसद ने इस मामले पर योगी सरकार को घेरा है. मायावती ने तो दलित कार्ड खेलते हुए हत्याओं पर योगी सरकार पर निशाना साधा और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.
पुलिस के शक के घेरे में रायबरेली निवासी चंदन
शिक्षक के घर हुए हत्याकांड में अब तक की जांच के बाद पुलिस को शक है कि इस हत्याकांड में नामजद रायबरेली निवासी चंदन वर्मा ने ही टीचर और उसकी फैमिली को मौत के घाट उतारा है. चंदन अकेले ही बुलेट से टीचर सुनील कुमार के मोहल्ले तक पहुंचा फिर घटनास्थल से करीब 20 मीटर की दूरी पर बुलेट खड़ी कर वहां से पैदल शिक्षक के घर के अंदर तक गया था. पुलिस सूत्रों की माने तो घटनास्थल से बरामद हुई खाली मैगजीन चंदन वर्मा की पिस्टल की ही हैं. बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने व्हाट्स ऐप स्टेटस से पहले ही वारदात को अंजाम देने की दस्तक दे दी थी. आरोपी ने स्टेटस में लिखा था कि ‘पांच लोग मरने जा रहे हैं, मैं जल्द ही आपको दिखाऊंगा.’ इस स्टेटस से अनुमान लगाया जा रहा है कि शायद चंदन खुद को भी मौत के घाट उतारना चाहता था. फिलहाल चंदन के करीबी रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही. पुलिस जल्द ही चंदन को पकड़कर इस केस के खुलासे का दावा कर रही है.
आखिर कौन है चंदन वर्मा?
अब सवाल उठता है कि आखिर कौन है ये चंदन वर्मा जिसका नाम वारदात में सामने आया है. दरअसल कुछ दिन पहले मृतक टीचर सुनील कुमार की पत्नी मृतका पूनम भारती ने रायबरेली में चंदन वर्मा पर छेड़छाड़, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कराया था. उस समय मामले में पुलिस ने चंदन वर्मा को गिरफ्तार करके जेल भी भेज दिया था. बता दें कि आरोपी चंदन वर्मा रायबरेली के तीलिया कोट मोहल्ले में किराए पर रहता था. टीचर की पत्नी पूनम भारती ने चंदन के पर आरोप लगाया था कि 18 अगस्त के दिन वह अपने बच्चों के लिए दवाई लेने गई थी. इस दौरान चंदन ने उसके साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की जब पूनम ने इसका विरोध किया. तो चंदन ने सुनील और पूनम के साथ मारपीट की. इस दौरान चंदन गालियां भी दीं और जाति सूचक शब्द भी बोले गए थे.