भारत के सरफराज खान ने घरेलू क्रिकेट में एक बार फिर धमाल मचा दिया है. दरअसल सरफराज ने ईरानी कप में जबरदस्त पारी खेलते हुए शानदार शतक जड़ दिया है. सरफराज ने रणजी ट्रॉफी चैंपियन मुंबई के लिए खेलते हुए शेष भारत (रेस्ट ऑफ इंडिया) के खिलाफ सेंचुरी मारी है. हालांकि बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए सरफराज को चुना गया था लेकिन दोनों ही मुकाबलों में प्लेइंग-11 में शामिल नहीं हो सके. वहीं दूसरे टेस्ट मैच के दौरान सरफराज को ईरानी कप में हिस्सा लेने के लिए रिलीज कर दिया गया था.
सचिन और द्रविड़ के रिकॉर्ड की कर ली बराबरी
सरफराज ने एक बार फिर से अपनी बल्लेबाजी का हुनर दिखाया है. रेस्ट ऑफ इंडिया की मजबूत गेंदबाजी को सरफराज ने धराशाई कर दिया. रेस्ट ऑफ इंडिया की टीम में मुकेश कुमार, प्रसिद्ध कृष्णा और यश दयाल जैसे बॉलर होने के बाद भी सरफराज ने अपने बल्ले का दम दिखा ही दिया. लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में ईरानी कप के दूसरे दिन चार नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सरफराज ने शतक जमाया. इस शतक के साथ सरफराज ने भारत के दो महानतम बल्लेबाजों की बराबर भी कर ली है. इस शतक से सरफराज ने सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ की बराबरी कर ली. इन दोनों दिग्गजों ने 4-4 मैचों में 2-2 शतक लगाए हैं. इस उपलब्धि को सरफराज ने उनसे एक मैच कम खेलकर ही हासिल कर लिया.
ईरानी कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी
ईरानी कप में सबसे ज्यादा शतक जमाने में दो दिग्गज पहले नंबर पर काबिज हैं. महान खिलाड़ी गुंडप्पा विश्वनाथ और दिलीप वेंगसरकर ने ईरानी कप में 4-4 शतक लगाए हैं. वहीं हनुमा विहारी, अभिनव मुकुंद, सुनील गावस्कर और वसीम जाफर के नाम 3-3 शतक जड़े हैं. जबकि यशस्वी जायसवाल, पॉली उमरीगर, सरफराज खान, आर सुधाकर राव, मुरली विजय, प्रणीण आमरे, शिखर धवन, सचिन तेंदुलकर, जीके बोस और राहुल द्रविड़ ने 2-2 शतक जमाए हैं.