Dengue का बढ़ने लगा कहर, एक साथ बढ़ गए इतने मरीज, पढ़ें बचाव के उपाय

नोएडा में पिछले 7 दिनों में डेंगू के 24 मामले सामने आ चुके हैं. नोएडा के केस मिलाकर अब गौतमबुद्ध नगर में डेंगू के 117 केस हो गए हैं. वहीं मलेरिया के भी 103 केस मिल चुके हैं. आए दिन बढ़ते आंकड़ों के बाद अब स्वास्थ्य विभाग लोगों को जागरूक करने के लिए दस्तक अभियान की शुरुआत की है. 15 अक्टूबर तक जिले में डेंगू के मामलों में बढ़ोत्तरी होने की संभावना जताई जा रही है. इसलिए लोगों को जागरूक करने के लिए आशाएं, एएनएम और सीएचओ की मदद से डेंगू,मलेरिया के साथ अन्य रोगों की रोकथाम के लिए स्क्रीनिंग की जाएगी.

मलेरिया विभाग ने 189 को थमाया नोटिस

मौसम में लगातार बदलाव और जलभराव से डेंगू और मलेरिया के केस बढ़ रहे हैं. हालांकि पिछले साल सितंबर माह में 289 डेंगू के केस हो चुके थे लेकिन पिछले साल की तुलना में इस साल डेंगू और मलेरिया के केस में कम बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है. गौतमबुद्ध नगर में 19840 घरों और 249984 पात्रों में सर्वेक्षण करने के बाद 1139 स्थानों पर लार्वा मिला है. मलेरिया विभाग ने अब तक 189 को नोटिस भेजा है और 16 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है. जिन क्षेत्रों में डेंगू के मरीज मिले थे उनमें एंटी लार्वा और फॉगिंग कराई जा रही है.

जलभराव वाले क्षेत्रों में एंटी लार्वा का हो रहा छिड़काव

सेक्टरों, सोसायटी, स्कूलों, बाजारों में एंटी लार्वा की टीम फॉगिंग कर रही है. वहीं जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष तौर पर एंटी लार्वा का छिड़काव किया जा रहा है. एक सप्ताह से ज्यादा पानी भरने पर डेंगू के मच्छर का लार्वा पनपने लगता है. इसलिए ग्रामीण इलाकों में लोगों को पानी न भरने के लिए जागरूक किया जा रहा है.

प्राइवेट, सीएचसी, पीएचसी और जिला अस्पताल को भी दिए निर्देश

मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति ने बताया कि नोएडा में सबसे ज्यादा प्लाज्मोडियम वाइवैक्स के केस मिलते हैं. जिससे मरीज को ज्यादा खतरा नहीं होता लेकिन इसका इलाज पूरा न लेने से मलेरिया वापस होने की संभावना रहती है. इसलिए टीम मरीजों पर नजर रख रही है. साथ ही प्राइवेट, सीएचसी, पीएचसी और जिला अस्पताल में बुखार के मरीजों की स्क्रीनिंग अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दे दिए गए हैं.

डेंगू बुखार से बचाव के उपाय

डेंगू बुखार से बचने के लिए मच्छरों के काटने से खुद को बचाना चाहिए.
शरीर को जितना हो सके, उतना ढकने वाले कपड़े पहनकर रखें.
लोशन या मच्छर भगाने वाले स्प्रे का इस्तेमाल करें.
मच्छरों के पनपने के स्थानों को हटाने के लिए कदम उठाएं.
घर के आस-पास साफ-सफाई रखें.
पानी के सभी बर्तनों को ढककर रखें.
हर 7 दिन में फूलदानों और गमलों में पानी बदल दें.

The Hindi Post
Author: The Hindi Post