…. तो क्या Black Magic के चलते हुआ 5 लोगों का कत्ल, सामने आया खौफनाक सच, अब पुलिस करेगी इस एंगल से जांच ?

दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में 5 लोगों की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है. अब पुलिस इस केस की तंत्रमंत्र के एंगल से भी जांच कर रही है. आपको बता दें कि वसंत कुंज के रंगपुरी इलाके में रहने वाले हीरा लाल शर्मा और उनकी चार बेटियों नीतू, निक्की, नीरू और निधि ने आत्महत्या कर ली थी. अब इस केस को लेकर पुलिस की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि टीम को चारों लड़कियों की कमर, हाथ और गर्दन पर लाल रंग का कलावा बंधा हुआ मिला है. इसके साथ ही पुलिस ने मौके से मिठाई का एक डिब्बा भी बरामद किया गया है.

पिता और बेटियों की मौत की तंत्र-मंत्र के एंगल से होगी जांच

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज इलाके के इस आत्महत्या के मामले को सुलझाने के लिए दिल्ली पुलिस साल 2018 के बुराड़ी आत्महत्या केस का अध्ययन करेगी. ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं हीरा लाल और उसकी चार बेटियों की मौत के पीछे कोई ‘तंत्रमंत्र’ का पहलू तो नहीं था. पुलिस के अनुसार पिछले 28 सालों से वसंत कुंज स्थित इंडियन स्पाइनल इंजरी सेंटर में बढ़ई का काम करने वाले हीरा लाल शर्मा और उनकी चार बेटियों ने आत्महत्या कर ली. पुलिस ने बताया कि हीरा लाल की पत्नी की पिछले साल कैंसर के कारण हुई मौत के बाद से परिवार भावनात्मक और वित्तीय तनाव से जूझ रहे थे. दिल्ली पुलिस ने आगे बताया कि ‘इस मामले में पांच शव मिले हैं. जिसमें एक व्यक्ति और उसकी चार बेटियां जिनमें से दो दिव्यांग थीं और वो किराए के मकान में रहते थे. शुरुआती जांच के दौरान फोरेंसिक टीम ने कमर, हाथ और गर्दन पर एक लाल धागा बंधा मिला है.

9 महीने से परिवार ने नहीं की किसी से बात

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया ‘अभी तक की पूछताछ में हमें पता चला है कि शर्मा ने पिछले नौ महीनों में किसी से बात नहीं की थी. उन्हें और उनकी बेटियों को कभी-कभार ही बाहर देखा जाता था. उनकी पत्नी की मौत के बाद परिवार ने लगभग सभी से संपर्क तोड़ लिया था.’ अधिकारी ने कहा कि ‘टीम ने घर से मिठाई का एक डिब्बा बरामद किया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के लिए मिठाई की दुकान पर भी जाएगी. ताकि उसके आने-जाने के रास्ते, उसने सल्फास (जहर) कहां से खरीदा और उसने यह कदम क्यों उठाया, के बारे में पता लगाया जा सके.’

पड़ोसियों की शिकायत पर पहुंची थी पुलिस

अधिकारी ने बताया कि शर्मा रंगपुरी गांव में चार मंजिला आवासीय इमारत की तीसरी मंजिल पर फ्लैट में रहते थे. अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक मंजिल पर आठ फ्लैट हैं और उनमें से अधिकांश किराए पर हैं. शुक्रवार दोपहर को मिले शवों पर किसी चोट के निशान नहीं थे. पुलिस को घर से ‘सल्फास’ के तीन पैकेट, पांच गिलास और एक चम्मच मिला था, जिसमें संदिग्ध तरल पदार्थ था. पड़ोसियों ने दावा किया कि उन्होंने शर्मा और उनकी बेटियों को आखिरी बार मंगलवार को देखा था. गली के बाहर से उस दिन का सीसीटीवी फुटेज भी बरामद किया गया है. जिसमें शर्मा को हाथ में एक पैकेट लेकर घर में जाते हुए देखा गया. बताया जा रहा है कि वो वहीं मिठाई का डिब्बा हो सकता है. जो घर में बरामद हुआ है. पुलिस ने बताया कि पड़ोसियों ने इमारत की तीसरी मंजिल पर फ्लैट से दुर्गंध आने की शिकायत की थी, जिसके बाद शव बरामद किए गए.

 

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra