India-Bangladesh Test Match में टाइगर रॉबी की पिटाई, क्रिकेट जगत का पारा हाई, सामने आया ये अपडेट

कानपुर में भारत और बांग्लादेश टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मैच खेला जा रहा है. ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच के पहले दिन उस वक्त बवाल मच गया जब टीम इंडिया के कुछ फैंस ने बांग्लादेशी टीम के फैन टाइगर रॉबी को कथित तौर पर पिटाई की खबर सामने आई. हालांकि बांग्लादेशी फैन की पिटाई की बात को पुलिस ने सिरे से नकार दिया है. मामले में ACP अभिषेक पाण्डेय का कहना है कि शख्स के साथ मारपीट जैसा कुछ भी नहीं हुआ है.

तबियत खराब के कारण शख्स अस्पताल में भर्ती- ACP

इस पूरे मामले को लेकर ACP अभिषेक पाण्डेय ने बयान देते हुए कहा कि ‘मैच के दौरान एक व्यक्ति जिसका नाम टाइगर बताया जा रहा है. उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई. तबीयत खराब होने पर टाइगर को मेडिकल टीम की मदद से अस्पताल भेजा गया. अब उसकी तबीयत ठीक है और उसके साथ एक संपर्क अधिकारी को तैनात कर दिया गया है. ताकि उसे अगर कोई परेशानी हो तो, तुरंत मदद मुहैया कराई जा सके. बांग्लादेशी फैन टाइगर के साथ मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई.’

क्या है पूरा मामला?

दरअसल एक बांग्लादेशी फैन जो खुद को ‘सुपर फैन रॉबी’ बता रहा है. इस घटना के दौरान उसने बाघ की पोशाक पहन रखी थी और स्टैंड सी में बैठा हुआ था. उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ के एक अधिकारी ने बताया कि रॉबी घटनाओं का सही क्रम नहीं बता सका लेकिन वह दर्द से परेशानी में था. मीडिया से बातचीत के दौरान उसने झगड़े के दौरान उसे पेट में मुक्का मारे जाने का संकेत दिया था. अधिकारी ने कहा कि ‘जब वह स्टैंड से बाहर आया तो दर्द से कराह रहा था. वह अचेत हो रहा था तो उसे बैठने के लिए कुर्सी दी गई लेकिन वह जमीन पर गिर गया.’ स्टेडियम में मौजूद एक पुलिस अधिकारी के अनुसार फैन को प्राथमिक चिकित्सा दी गई और उसके लिए एम्बुलेंस बुलवाई गई. अधिकारी ने कहा कि ‘हमें नहीं पता कि उसे किसी ने मारा था या नहीं. प्रशंसकों पर नजर रखने के लिए स्टैंड में एक कांस्टेबल मौजूद है. हम समझ नहीं पाए कि वह क्या कहने की कोशिश रहा था. शायद वह दर्द में था. एम्बुलेंस आने में समय लग रहा था. जिसके चलते स्टेडियम की मेडिकल टीम उसे नजदीकी सुविधा केंद्र ले गई.’

The Hindi Post
Author: The Hindi Post