देश में चाइनीज लहसुन बैन होने के बाद भी धड़ल्ले से मिल रहा है. जिसे आम लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ बताया जा रहा है. वहीं इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में शुक्रवार को इस मामले को लेकर सुनवाई हुई. इस दौरान हाईकोर्ट ने सुनवाई करते हुए चाइनीज लहसुन के बिकने के मामले में केंद्र और राज्य सरकार से जवाब मांगा है. हाईकोर्ट ने दोनों सरकारों से पूछा है कि आखिर बैन के बाद भी चाइनीज लहसुन कैसे मिल रहा है. जस्टिस राजन रॉय और ओम प्रकाश शुक्ल की डबल बेंच में अब इस मामले की सुनवाई 1 अक्टूबर को होगी. आपको बता दें कि मोतीलाल यादव नामक शख्स ने चाइनीच लहसुन को लेकर इलाहाबाद हाई कोर्ट के लखनऊ बेंच के सामने जनहित याचिका दायर की है.
सस्ता और दिखने में अच्छा लगता है चीनी लहसुन
चाइनीज लहसुन दिखने में देसी लहसुन से अच्छा होता है. साथ ही सस्ता भी होता है. इसके अलावा छील कर इस्तेमाल करने में भी आसान होता है. लखनऊ में बैन के बावजूद चोरी छिपे बाजारों में चाइनीज लहसुन बिक रहा है. इस बात को कई दुकानदार भी मान रहे हैं कि बैन के बाद भी बाजार में चाइनीज लहसुन धड़ल्ले से बिक रहा है. जिन ग्राहकों को इसके बारे में पता नहीं होता है वो ले लेते हैं और कुछ ग्राहक जिनको इसके बारे में जानकारी है वो मना कर देते हैं.
कैसे की जाती है चाइनीज लहसुन की खेती ?
चाइनीज लहसुन की खेती सीवेज के पानी से होती है, लेड, आर्सेनिक, मरकरी से फसल तैयार होती है. सफेद दिखाने के लिए क्लोरीन से ब्लीच होता है. ब्लीच के लिए मिथाइल ब्रोमाइड का भी इस्तेमाल किया जाता है. जो कि बोन कैंसर का खतरा बढ़ा सकता है. अब जब इस चीनी लहसुन की खेती नाले के पानी से की जाती है. तो इसका सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ता है. चीनी लहसुन में हेवी मेटल के कारण बोन कैंसर या फिर दूसरे प्रकार के कैंसर हो सकते हैं. संक्रामक और गैर संक्रामक बीमारियां भी हो सकती है. जबकि मिथाइल क्रोमाइड के कारण सांस की तकलीफ या फिर नर्वस सिस्टम में समस्या पैदा हो सकती है.
साइज में बड़ा और बिल्कुल सफेद होता है चीनी लहसुन
चीनी और देसी लहसुन में सबसे बड़ा फर्क रंग का होता है. चीनी लहसुन बिल्कुल सफेद दिखता है, जबकि देसी लहसुन हल्का पीला होता है. साइज में भी चीनी लहसुन बड़ा जबकि देसी लहसुन छोटा होता है. इसके अलावा दोनों लहसुन के स्वाद में भी फर्क होता है. चाइनीज लहसुन में स्वाद नहीं होता है और देसी लहसुन में तीखेपन का स्वाद होता है. देसी लहसुन में स्मेल बहुत अधिक होती है. जबकि चीनी लहसुन में स्मेल ना के बराबर होती है लेकिन चीनी लहसुन आपकी जेब पर भी भारी है. इसकी सबसे बड़ी वजह चीनी लहसुन का सफेद दिखना और साइज में बड़ा होना.