बहराइच में इस समय अलग ही मंजर नजर आ रहा है. दरअसल यहां के लोगों में बुलडोजर का खौफ साफ दिखाई दे रहा है. जिसका कारण है कि हाईकोर्ट ने फखरपुर थाना इलाके के सराय जागना गांव में 23 दुकानों और मकानों को तोड़ने का आदेश दिया था. जिसके चलते बुधवार को बुलडोजर की कार्रवाई से पहले ही ग्रामीणों ने अपने हाथों से खुद आशियाने तोड़ना शुरू कर दिया हैं.
23 दुकान और मकान पर कार्रवाई को हाईकोर्ट ने दिए थे आदेश
दरअसल हाईकोर्ट के आदेश पर बहराइच जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र के सराय जागना गांव में बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है. एसडीएम का कहना है कि चिह्नित किए गए 23 दुकान एवं मकान खेत-खलिहान और ग्राम समाज की जमीन पर बनाये गए थे. हाईकोर्ट के आदेश पर उन्हें तोड़ा जा रहा है. हाईकोर्ट द्वारा हदीसुल की ओर से 23 मई 2023 को दायर की गई जनहित याचिका पर आदेश देते हुए सरकारी जमीन को खाली करने का आदेश दिया था.
बुलडोजर के डर से ग्रामीणों ने खुद तोड़े अपने आशियाने
प्रशासन की टीम बुधवार की दोपहर को गांव में कार्रवाई के लिए पहुंची. इससे पहले लोगों ने खुद ही अपने मकान और दुकान तोड़ना शुरू कर दिए थे. लोग अपने हाथों से घर के दरवाजे, खिड़की तोड़ते नजर आए. उन्होंने घर और दुकानों में रखे सामान को पहले ही निकाल लिया था. ट्रैक्टर और अन्य वाहनों के जरिए लोग अपना सामान ले जा रहे थे. जिससे साफ है कि लोगों में बुलडोजर कार्रवाई का डर बैठ गया है. वहीं ग्रामीणों का कहना है कि उनका घर टूट गया है. उनका अब कोई ठिकाना नहीं है. वह अपने बच्चों को लेकर कहा जाएं. उसकी माली हालत भी काफी खराब है. हालांकि हाईकोर्ट के आदेश पर उप जिलाधिकारी के द्वारा बुलडोजर से कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को हटाने का निर्देश जारी किया गया था. जिसके बाद कार्रवाई शुरू की गई.