चेन्नई के चेपॉक में भारत और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट मैच 19 सितंबर से शुरू हो रहा है. इस मुकाबले के दौरान टीम इंडिया की प्लेइंग-11 क्या रहने वाली है. इसका सभी को बड़ी बेसब्री से इंतजार है. हालांकि मुकाबले से पहले ही हेड कोच गौतम गंभीर ने बहुत हद तक प्लेइंग-11 की तस्वीर साफ कर दी है. गंभीर ने मुकाबले से पहले मीडिया से मुखातिब होते हुए बताया कि टीम की रणनीति अनुभव और फॉर्म पर निर्भर करती है. गंभीर ने ये भी साफ कर दिया कि ऋषभ पंत और केएल राहुल प्लेइंग-11 में शामिल होंगे, जो कि लंबे समय बाद मैदान पर वापसी कर रहे हैं.
जुरेल और सरफराज का पत्ता कटना तय
ऋषभ पंत और केएल राहुल की प्लेइंग-11 में शामिल होने की पुष्टि करते हुए गंभीर ने यह भी साफ कर दिया है कि दो खिलाड़ियों का टीम से पत्ता कटना तय है. इनमें सरफराज खान और ध्रुव जुरेल का नाम शामिल हैं. गंभीर ने कहा कि ‘हम किसी को ड्रॉप नहीं करते. हम केवल उन खिलाड़ियों को टीम में चुनते हैं जो प्लेइंग-11 के लिए फिट बैठते हैं. जुरेल एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं लेकिन जब पंत की बात आती है. तो कभी-कभी लोगों को इंतज़ार करना पड़ता है. सरफराज के साथ भी ऐसा ही है. मौके तो मिलेंगे लेकिन सरफराज को इंतजार करना पड़ेगा.’
जुरेल और सरफराज ने इसी साल किया था डेब्यू
आपको बता दें कि इसी साल विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल और मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सरफराज खान ने इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में डेब्यू किया था. दोनों ही खिलाड़ियों ने डेब्यू मैच में किए अपने प्रदर्शन से सेलेक्टर्स और दिग्गजों को काफी इम्प्रेस भी किया है. ध्रुव जुरेल को रांची टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी दिया गया था. हालांकि ऋषभ पंत की प्लेइंग इलेवन में वापसी के कारण बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए जुरेल को बाहर बैठना पड़ेगा. दूसरी ओर सरफराज खान हैं जिन्होंने डेब्यू मैच में कमाल की बैटिंग करते हुए दो अर्धशतक जड़े थे. दलीप ट्रॉफी में सरफराज का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है. ऐसे में केएल राहुल को सरफराज की जगह मौका दिया जाना तय है.
पहले टेस्ट मैच के लिए टीम का टॉप ऑर्डर लगभग तय
भारतीय टीम का टॉप ऑर्डर भी पहले टेस्ट मैच के लिए लगभग तय हो ही गया है. इस टेस्ट मैच में रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ओपनिंग करते हुए नजर आएंगे. शुभमन गिल तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं. टेस्ट क्रिकेट में 8 महीने बाद वापसी कर रहे स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के नंबर 4 पर खेलने की संभावना जताई जा रही है. वहीं नंबर-5 पर अनुभवी केएल राहुल बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतर सकते हैं.