Haryana Election में Congress ने घोषणा पत्र में जारी किये ये 7 वादे , एक नजर आप भी पढ़ लें

कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मौजूदगी में बुधवार को मेनिफेस्टो जारी किया गया है. इस घोषणापत्र में कांग्रेस ने हरियाणा के लोगों से 7 गारंटी का वादा किया है. इसमें महिलाओं को हर महीने 2 हजार रुपये, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, 25 लाख रुपये का मेडिकल इंश्योरेंस का जिक्र है.

ये हैं कांग्रेस की 7 गारंटी

हर परिवार को खुशहाली के तहत 300 यूनिट मुफ्त बिजली और 25 लाख रुपये का मेडिकल इश्योरेंस.
महिलाओं को शक्ति के तहत हर महीने 2000 रुपये और 500 रुपये में गैस सिलेंडर.
गरीबों को छत की गारंटी के तहत 3.5 लाख रुपये में 2 कमरे का घर, 100 यार्ड प्लॉट.
किसानों को समृद्धि की गारंटी के तहत एमएसपी गारंटी और मुआवजा.
पिछड़ों को अधिकार के तहत जातीय जनगणना, क्रीमी लेयर की लिमिट 10 लाख.
सामाजिक सुरक्षा को बल के तहत 6000 रुपये पेंशन, दिव्यांग और विधवाओं को भी 6000 रुपये पेंशन और OPS की बहाली
युवाओं को सुरक्षित भविष्य के तहत 2 लाख खाली पदों की भर्ती, नशा मुक्त हरियाणा पहल.

महिला, किसान और युवाओं को एक साथ साधने की कोशिश

कांग्रेस ने इस घोषणापत्र में महिलाओं से लेकर युवाओं तक सभी को साधने की कोशिश की है. इस गारंटी घोषणापत्र में एमएसपी की कानूनी गारंटी और जाति आधारित सर्वेक्षण के साथ ही 18 से 60 साल तक की महिलाओं के लिए हर महीने 2000 रूपये की राशि, वृद्धों, दिव्यांगो और विधवाओं को हर महीने छह छह हजार रुपये की पेंशन दी जाएगी. इसके अलावा 2 लाख सरकारी नौकरियों में युवाओं की भर्ती, 300 यूनिट बिजली मुफ्त, 25 लाख रुपये का मुफ्त इलाज, गरीबों के लिए भूखंड और दो कमरों के मकान का वादा किया है. कांग्रेस ने ये वादा भी किया है कि सत्ता में आने पर वह पुरानी पेंशन योजना को लागू करेगी. इसके साथ ही हर परिवार को 500 रूपये का रसोई गैस सिलेंडर देगी. बता दें कि हरियाणा की 90 विधानसभा सीट के लिए एक चरण में पांच अक्टूबर को मतदान होगा और मतों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी.

मौजूद रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में 7 गारंटी के घोषणा की जानकारी दी. इस दौरान कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, वरिष्ठ नेता अजय माकन, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उदय भान और कई अन्य नेता मौजूद थे.

 

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra