ईद मिलाद उन नबी के मौके पर कर्नाटक के मंगलुरु में हिंसा भड़क गई. ये हिंसा एक ऑडियो संदेश के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भड़की थी. सोशल मीडिया पर ऑडियो संदेश के वायरल होने के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के लोग भड़क गए और अपना आक्रोश दर्ज कराने के लिए उन्होंने सड़कों पर जमकर प्रदर्शन किया. दरअसल सोमवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा ईद मिलाद उन नबी का त्योहार मनाया जा रहा था. इसी बीच एक ऑडियो संदेश सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. जिसमें कथित तौर पर कुछ मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कह रहे थे कि अगर रोक सकते हो तो ईद मिलाद उन नबी के जुलूस को रोक कर दिखाओ. साथ ही ऑडियो संदेश में कहा गया था कि हम ईद मिलाद उन नबी की यात्रा बीसी रोड से कैकंबदावारा मस्जिद तक निकालेंगे. सोशल मीडिया पर इस पोस्ट के वायरल होते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के लोग भड़क उठे.
नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष द्वारा जारी किया गया ऑडियो
मिली जानकारी के अनुसार ये ऑडियो संदेश नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष द्वारा जारी किया गया था. जिसके बाद बीसी रोड पर बवाल होते देखा गया. ईद मिलाद उन नबी के त्योहार को लेकर पहले से ही सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे और पुलिस बल को तैनात कर दिया गया था. विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के लोग बीसी रोड पर उतर आए और पुलिस के बैरिकेड हटा दिए, पुलिस बल और दल के बीच संघर्ष होते देखा गया. लोगों में इसको लेकर आक्रोश देखा गया और जमकर नारेबाजी भी की गई.
गणेश विसर्जन के दौरान दो पक्ष आ गए थे आमने- सामने
इससे पहले भी कर्नाटक के मांड्या में गणेश विसर्जन के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और फायरिंग हुई. जबकि पथराव में एक पुलिसकर्मी को चोट भी आई थी. गणेश विसर्जन के दौरान हुई हिंसा में हिंदू पक्ष ने मुस्लिम युवक पर तलवार लेकर आने का आरोप लगाया था. वहीं पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए तलवारें जब्त कर हिंसा भड़काने में शामिल लोगों पर तुरंत एक्शन लिया गया था. घटना नागमंगला टाउन में हुई थी.