जम्मू-कश्मीर के डोडा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को एक चुनावी रैली को संबोधित किया. रैली में लाखों की संख्या में लोग मौजूद थे. इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस, पीडीपी और नेशनल कॉन्फ्रेंस पर जमकर निशाना साधा. पीएम मोदी ने आतंकवाद, अलगाववाद और जम्मू-कश्मीर में स्थिति के लिए तीन खानदानों को जिम्मेदार ठहाराया. हालांकि इस दौरान पीएम मोदी ने थोड़ी देर के लिए अपना भाषण रोक भी दिया. उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं एक मिनट के बाद आकर फिर भाषण शुरू करता हूं.
लोगों से की बीजेपी उम्मीदवारों को जिताने का किया आह्वान
इस दौरान क्या हुआ होगा ये आप भी सोच रहे होंगे… तो चलिये हम आपको बताते हैं कि आखिर हुआ क्या. पीएम मोदी ने डोडा रैली के दौरान मंच पर मौजूद बीजेपी के सभी उम्मीदवारों की तरफ लोगों को ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि ‘साथियों भाजपा का संकल्प और आप सभी लोगों का साथ ही शांत, सुरक्षित और समृद्ध जम्मू-कश्मीर बनाएगा. इसलिए आपको 18 सिंतबर को भाजपा के सभी उम्मीदवारों को भारी बहुमत से जिताकर विधानसभा भेजना है.’ पीएम मोदी फिर कहते हैं कि यहां मंच पर मौजूद मेरे उम्मीदवारों को देख लें. इसके बाद फिर पीएम मोदी बीजेपी के इन सभी उम्मीदवारों को मंच पर आगे आकर खड़े होने के लिए कहते हैं और लोगों से सभी बीजेपी उम्मीदवारों को भारी बहुमत के साथ जीत दिलाकर विधानसभा भेजने का आह्वान करते हैं.
प्रत्याशियों से मिलने के लिए रोका भाषण
पीएम मोदी ने इसके बाद कहा कि मैं एक मिनट के लिए भाषण रोककर इन लोगों से मिलकर फिर आपके पास वापस आता हूं. पीएम मोदी के यह कहते हैं भीड़ का जोश हाई हो जाता है और लोग मोदी-मोदी के नारे लगाने लगते हैं. इसके बाद पीएम मोदी बीजेपी उम्मीदवारों के पास पहुंचकर उन सभी का हाथ उठाकर जनता का अभिवादन करते हैं.