हरियाणा विधानसभा चुनावों के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपनी रैलियों पर निकल पड़े हैं. अनुमान है कि पीएम मोदी इस दौरान 5 रैलियां कर सकते हैं. सूत्रों की मानें पीएम नरेंद्र मोदी की चुनावी अभियान की शुरूआत 14 सितंबर से हो सकती है. 10 साल सत्ता में रहने के बाद बीजेपी तीसरी बार फिर सत्ता में आने की कोशिश कर रही है. ऐसे में बीजेपी को पूरी उम्मीद है कि पीएम मोदी के मैदान में उतरने से उनका चुनावी अभियान पूरा हो जाएगा.
कुरुक्षेत्र से ही चुनावी रैली का आगाज क्यों?
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में कुल 4 विधानसभा सीटें आती हैं. इनमें शाहबाद, थानेसर, लाडवा और पेहोवा सीटें शामिल हैं. बीजेपी ने शाहबाद से सुभाष कलसाना, थानेसर से सुभाष सुधा, पेहोवा से सरदार कमलजीत सिंह अजरणा और लाडवा से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को टिकट दिया है. ऐसे में हो सकता है कि पीएम मोदी पहली चुनावी रैली कुरुक्षेत्र के लाडवा से ही संबोधित करें और चुनावी रैलियों की शुरुआत करें. बता दें कि 2019 में भी नायब सिंह सैनी ने यहां से मतों में बड़े अंतर के साथ जीत दर्ज की थी. वहीं 2024 में हुए लोकसभा चुनावों के दौरान भी कुरुक्षेत्र से बीजेपी को भारी मतों के अंतर के साथ जीत मिली है. लोकसभा चुनाव में नवीन जिंदल ने कुरुक्षेत्र से जीत दर्ज की थी. इस सीट से तीन बार बीजेपी को नवीन जिंदल ने जीत दिलाई है. भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र में ही गीता का ज्ञान अर्जुन को दिया था. वहीं बीजेपी भी गीता महोत्सव को हमेशा खास अहमियत देती है और अधिक से अधिक लोगों को इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित करती है. ऐसे में संभव है कि पीएम मोदी अपनी चुनावी रैली के दौरान लोगों का इस ओर भी ध्यान केंद्रित करना चाह रहे हों.
10 साल की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेगी बीजेपी
चुनावी घोषणापत्र के जरिए जो वादे बीजेपी कर रही है. उनके बारे में भी चुनावी अभियान के दौरान लोगों को बताया जाएगा. लोकसभा चुनावों में एनडीए को पहले जैसे नतीजे नहीं मिले थे और इस वजह से बीजेपी विधानसभा चुनावों में अधिक सक्रिय नजर आ रही है. बीजेपी ने बड़ी संख्या में जाटों और दलितों को मैदान में उतारा है. इसके अलावा बीजेपी के पास ओबीसी का भी वोट बैंक है. अगर वोटों का बिखराव होता है तो पार्टी को उम्मीद है कि उसे इसमें जरूर सफलता हासिल होगी. वहीं पार्टी सूत्रों की मानें तो बीजेपी ने फैसला किया है कि पिछले 10 साल की उपलब्धियों के बारे में लोगों को बताया जाता रहे और साथ ही कांग्रेस और भ्रष्टाचार पर भी बीजेपी बात करेगी. साथ ही महिलाओं के लिए योचनाओं के ऐलान किए जाने को लेकर भी पीएम मोदी बात करेंगे. चुनावी घोषणापत्र के जरिए जो वादे किए जा रहे हैं उनपर बीजेपी खरा भी उतरेगी.