हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर कांग्रेस और बीजेपी अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर चुकी है. जिसके बाद अब कांग्रेस से गठबंधन ना हो पाने पर आम आदमी पार्टी ने भी अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. आप की पहली लिस्ट में 20 उम्मीदवारों के नाम हैं. AAP की ओर से उम्मीदवारों के नामों का एकतरफा ऐलान ऐसे समय में किया गया है, जब कांग्रेस के साथ उसके गठबंधन की बात चल रही थी. AAP ने गठबंधन और सीट शेयरिंग फॉर्मूले को लेकर स्थिति साफ करने के लिए कांग्रेस को सोमवार तक का समय दिया था. जिन 11 सीटों पर कांग्रेस पहले ही उम्मीदवार घोषित कर चुकी है, वहां पर भी AAP ने अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं. जिसके बाद इन सीटों पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है. बता दें कि हरियाणा विधानसभा की 90 सीटों पर 5 अक्टूबर को वोटिंग और 8 अक्टूबर को चुनाव के नतीजे आएंगे.
3 मीटिंगों के बाद भी गठबंधन पर नहीं निकला निष्कर्ष
गठबंधन को लेकर पिछले कुछ दिनों से AAP के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और केरल की आलप्पुझा सीट से कांग्रेस लोकसभा सांसद केसी वेणुगोपाल बात कर रहे थे. कांग्रेस-AAP के बीच गठबंधन को लेकर 3 मीटिंग हो चुकी थीं. INDIA गठबंधन के तहत AAP, कांग्रेस से 10 सीटें मांग रही थी. जबकि कांग्रेस ने AAP को साफ-साफ कह दिया था कि 4 से 5 सीटें ले लें. कांग्रेस की तरफ से AAP को 4+1 फॉर्मूला यानी 5 सीट का ऑफर दिया गया है. जिनमें जींद, कलायत, पानीपत (ग्रामीण), गुरुग्राम और पिहोवा सीट आती हैं. हालांकि AAP ओल्ड फरीदाबाद सीट समेत कुल 10 सीटों की मांग पर अड़ी थी. गठबंधन को लेकर स्थिति साफ नहीं होने पर AAP ने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया. वहीं AAP की ओर से ये भी कहा गया है कि अगर अब भी कांग्रेस ने कुछ फाइनल नहीं किया, तो पार्टी सभी 90 सीटों पर कैंडिडेट उतार देगी.
AAP -कांग्रेस के बीच किन सीटों पर दिखेगी दिलचस्प टक्कर
हरियाणा की जिन 11 सीटों पर AAP ने उम्मीदवारों को उतारा है. वहां पर कांग्रेस पहले ही कैंडिडेट खड़े कर चुकी है. कांग्रेस ने उचाना कलां से बृजेंद्र सिंह को टिकट दिया है. जबकि इस सीट से AAP ने पवन फौजी को उतार दिया है. मेहम से बलराम दांगी कांग्रेस उम्मीदवार हैं. यहां से AAP ने विकास नेहरा को टिकट दिया है. बादशाहपुर से बीर सिंह सरपंच AAP कैंडिडेट हैं और कांग्रेस ने इस सीट से वर्धन यादव को मौका दिया है, नारायणगढ से गुरपाल सिंह AAP के टिकट पर चुनावी मैदान में होंगे, जबकि कांग्रेस ने शैली चौधरी पर दांव खेला है. समालखा से बिट्टू पहलवान AAP की तरफ से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि कांग्रेस यहां से धरम सिंह छोकर को अपना उम्मीदवार घोषित कर चुकी है. डाबवली से AAP ने कुलदीप गदराना को, तो कांग्रेस ने इस सीट पर अमित सिहाग को दोबारा मौका दिया है. रोहतक से बिजेंद्र हुड्डा AAP के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं, जबकि कांग्रेस की ओर से भारत भूषण बत्रा को मौका मिला है. AAP ने बहादुरगढ से कुलदीप चिकारा को, तो कांग्रेस ने यहां से राजिंदर सिंह जून को उतारा है. बादली सीट से AAP कैंडिडेट रणबीर गुलिया चुनाव मैदान में हैं, तो कांग्रेस ने इस सीट पर कुलदीप वत्स को मौका दिया है. बेरी से सोनू अहलावत AAP उम्मीदवार बनाए गए हैं. यहां से डॉ. रघुवीर सिंह कादियान कांग्रेस ने मैदान में उतारा है. वहीं महेंद्रगढ़ से AAP ने मनीष यादव को चुनावी मैदान में उतारा है, तो वहीं राव दान सिंह कांग्रेस की तरफ से चुनावी मैदान में ताल ठोकेंगे.
BJP ने 67 सीटों तो कांग्रेस ने 41 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा
हरियाणा में BJP ने 4 सितंबर को 67 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की. इनमें 8 मंत्रियों को दोबारा टिकट मिला है. 25 नए चेहरे हैं. BJP ने 8 महिलाओं को भी टिकट दिया है और वहीं 8 विधायकों का टिकट काटा गया है. CM नायब सैनी करनाल की जगह कुरुक्षेत्र की लाडवा सीट से चुनाव लड़ेंगे. अनिल विज को अंबाला कैंट सीट से टिकट दिया गया है. वहीं कांग्रेस ने अब तक 90 में से 41 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं. पार्टी ने रविवार को 9 कैंडिडेट की सूची जारी की थी. जुलाना से कांग्रेस ने रेसलर विनेश फोगाट को उतारा है. इसके अलावा पार्टी ने ED केस में फंसे पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा, सुरेंद्र पंवार, धर्म सिंह छौक्कर, राव दान सिंह और नूंह हिंसा के आरोपी विधायक मामन खान को भी टिकट दिया गया है.