Kanhaiya Mittal क्यों जाना चाहते हैं कांग्रेस में, सामने आई अब ये बड़ी वजह, पढ़ें Inside स्टोरी

हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को तगड़ा झटका लगा है. जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे गाना गाने वाले कन्हैया मित्तल के कांग्रेस ज्वॉइन करने की चर्चाएं तेज हो गई हैं. वहीं इन चर्चाओं के बीच कन्हैया मित्तल ने अपना एक वीडियो जारी किया है. इस वीडियो में कन्हैया मित्तल ने बताया कि वह कांग्रेस क्यों ज्वॉइन कर रहे हैं और उनकी भविष्य को लेकर क्या प्लानिंग है. उन्होंने इस बात से भी इनकार किया है कि बीजेपी से उन्होंने टिकट कभी नहीं मांगी।

मित्र से फोन पर की थी कांग्रेस ज्वॉइन करने की बात

कन्हैया मित्तल ने कहा कि अभी मैं मेंहदीपुर बालाजी में हूं. मेरा एक कार्यक्रम है. मेरे एक मित्र का फोन आया था. मैंने उनसे अपने मन की बात कही. मैंने बताया कि मेरी इच्छा है कि मैं कांग्रेस ज्वॉइन करूं. यहीं से मेरे कांग्रेस में जाने की चर्चा शुरू हो गई. कन्हैया ने कहा कि ‘मेरा मानना है कि सनातन धर्म की बात सिर्फ एक दल से ही न हो. हर दल में सनातन की बात करने वाला शख्स होना जरूरी है. बीजेपी ने मुझे टिकट नहीं दिया इसलिए मैं पार्टी नहीं छोड़ रहा हूं.’

योगी आदित्यनाथ हमेशा मेरे गुरू रहेंगे- कन्हैया

कन्हैया ने आगे कहा कि अगर मुझे टिकट चाहिए होता तो मैं हर हाल में लेकर आता. मेरे लिए बीजेपी से टिकट लेना कोई बड़ी बात नहीं है. मुझे सिर्फ बात करनी होती है लेकिन मैं कभी बीजेपी में नहीं रहा. मुझे बीजेपी बुलाती थी. मैं उनके लिए गाता था. मैंने कभी बीजेपी को वोट देने के लिए नहीं कहा. मेरे गाने में भी कहीं पर भी कोई नेता नहीं है सिर्फ मेरे महाराज हैं. योगी आदित्यनाथ मेरे गुरु हैं, गुरू थे, और हमेशा रहेंगे. एक मां के दो बेटे भी अलग-अलग दलों में हैं तो उनकी मां नहीं बदल जाती है. मेरे गुरू हैं आदित्यनाथ हैं और रहेंगे. मैंने कहा कि सनातन के लिए जो काम करे, उसे वोट दें. आप अपनी तपस्या कहीं भी कर सकते हैं. हिमाचल, पानी सड़क कहीं भी बैठकर तपस्या हो सकती है. जरूरी नहीं कि सिर्फ एक दल में रहकर ही सनातन की बात हो सकती है.

सनातन के लिए करते रहेंगे काम- कन्हैया

कन्हैया ने कहा कि मेरा मन है इसलिए मैं कांग्रेस में जाना चाहता हूं, मैं लोगों की सेवा करना चाहता हूं. मैं लोगों का साथ देना चाहता हूं. मैं यह मिथ खत्म करना चाहता हूं कि एक ही दल में रहकर सनातन की सेवा नहीं हो सकती. आप सब मेरे अपने हैं, मैं जल्द ही बताऊंगा कि मैं कब, कहां और किस दिन कांग्रेस ज्वॉइन कर रहा हूं. ऐसे कई लोग हैं जो अफवाह उड़ाएंगे, उनकी ओर ध्यान न दें. मैं सिर्फ यही मेसेज देना चाहता हूं हम दल नहीं सनातन के लिए काम कर रहे थे, कर रहे हैं और करते रहेंगे. इसके लिए चाहें मुझे अपनी जान ही क्यों न देनी पड़ जाए, तो भी मैं दूंगा. जिस दिन मुझे किसी व्यक्ति विशेष के लिए काम करना पड़ेगा, तो मैं कहीं काम नहीं कर पाऊंगा. मैं सिर्फ अपने सनातन के लिए ही काम करूंगा किसी एक से बंधकर नहीं.

The Hindi Post
Author: The Hindi Post