Kanpur में फिर हुई एक साजिश नाकाम, 22 मिनट तक सूनसान में खड़ी रही ट्रेन, अब सामने आया ये अपडेट !

कानपुर में रेलवे ट्रैक पर एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल की बोतल मिलने के मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू हो गई है. इस मामले में आरपीएफ ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच आईबी को सौंप दी गई है. वहीं पुलिस ने इस मामले में पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. माना जा रहा है कि रेलवे ट्रैक पर गैस सिलेंडर और पेट्रोल बोतल का मिलना सामान्य बात नहीं है. ये किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है. रेलवे अधिकारियों का मानें तो ऐसा पहली बार नहीं हुआ है. यूपी में बीते कई महीने से ट्रैक पर संवेदनशील चीजें रखकर ट्रेन पलटने की साजिशें रची जा रही हैं.

हादसे के बाद 22 मिनट तक खड़ी रही ट्रेन
दरअसल ताजा मामला अनवरगंज-कासगंज रेलवे रूट का है. आरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि बर्राराजपुर रेलवे स्टेशन से कालिंदी एक्सप्रेस करीब 2.5 किलोमीटर आगे चल रही थी, कि तभी ट्रैक पर रखे LPG गैस सिलिंडर से टकरा गई. जिससे गैस सिलिंडर के फटने से जोरदार धमाका हुआ. वहीं सूझबूझ दिखाते हुए लोको पायलट के इमरजेंसी ब्रेक लगाने से बड़ा हादसा होने से टल गया. इसके बाद घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने जांच की तो पता चला कि रेलवे ट्रैक पर ना केवल रसोई गैस का सिलेंडर रखा था. बल्कि वहीं पर पेट्रोल भरी बोतल, माचिस एवं अन्य संवेदनशील सामान भी रखे थे. इस हादसे के बाद मौके पर कालिंदी एक्सप्रेस करीब 22 मिनट तक खड़ी रही. बाद में ट्रैक की जांच करने के बाद इस ट्रेन को आगे रवाना किया गया.

लोको पायलट की सूझबूझ ने बचाई लोगों की जान
इस घटना की जानकारी डीएम और पुलिस कमिश्नर के अलावा यूपी के मुख्य सचिव और डीजीपी को भी दी गई है. रेलवे के अधिकारियों के अनुसार गैस सिलिंडर के ट्रेन से टकराने के बाद ट्रैक पर काफी दूर तक घिसटता हुआ गया. जिसके निशान ट्रैक पर मिले हैं. साथ ही कुछ दूरी पर आगे पेट्रोल की बोतल भी बरामद हुई है. अधिकारियों की मानें तो इस साजिश के लिए पूरी तैयारी की गई थी. बस गनीमत रही कि लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दी और बड़ा हादसा होने से टल गया.

पहले भी ऐसे मामले आ चुके हैं सामने
रेलवे के अधिकारियों की मानें तो ये हरकत असामाजिक तत्वों की हो सकती है. इसके पीछे का मकसद लोगों में दहशत कायम करना हो सकता है. हालांकि बीते कई महीने से इस तरह की साजिशें हो रही है. पहले भी इस तरह के चार-पांच मामले सामने आ चुके हैं. रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक आरपीएफ तो मामले की जांच करेगी ही, साथ ही केंद्रीय जांच एजेंसियों को भी इंवाल्व किया जा रहा है. बता दें कि इसी तरह की घटना कुछ दिन पहले साबरमती एक्सप्रेस के साथ भी हुई थी. जिसमें ट्रेन की 22 बोगियां पलट गई थीं.

The Hindi Post
Author: The Hindi Post