दलीप ट्रॉफी के दौरान टीम इंडिया के कई खिलाड़ी अपना बेहतरीन प्रदर्शन देने की कवायद में जुटे हुए हैं. सभी खिलाड़ियों की मंशा दलीप ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन कर बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज की टीम में जगह बनाना है. इन्हीं में कुछ खिलाड़ी ऐसे भी हैं जिनका शायद ही कभी किसी ने नाम भी सुना हो. मगर इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन काफी उम्दा किस्म का है. ऐसे ही एक खिलाड़ी बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार हैं.
मानव की फिरकी के आगे इंडिया डी के बल्लेबाज ढेर
इंडिया डी के खिलाफ कमाल की गेंदबाजी करते हुए स्पिनर मानव सुथार ने अकेले ही 7 विकेट चटका दिए हैं. मानव सुथार की फिरकी के आगे इंडिया डी के बल्लेबाज ज्यादा देर तक मैदान पर ठहर नहीं सके. दूसरी पारी में इंडिया डी ने इंडिया सी के खिलाफ 236 रन बनाए. वहीं इस दौरान इंडिया डी की टीम को सबसे ज्यादा चोट मानव सुथार ने ही पहुंचाई. मानव सुथार ने 19.1 ओवर में 49 रन देकर 7 विकेट चटकाए. गजब बात ये है कि मानव ने इस दौरान 7 ओवर मेडन कराए. वहीं अगर करियर की बात करें तो यह भी एक रोचक बात है कि मानव सुथार के पिता उन्हें एक विस्फोटक बल्लेबाज बनाना चाहते थे लेकिन ये खिलाड़ी गेंदबाज बन गया.
पिता ने बल्लेबाजी के लिए भेजा एकेडमी, बन गए गेंदबाज
मानव सुथार ने क्रिकेट का करियर राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक क्रिकेट कोचिंग क्लब से शुरू हुआ. मानव के पिता जगदीश सुथार ने मानव को एकेडमी में एडमिशन दिलाया और उन्होंने कोच धीरज शर्मा को कहा कि वो अपने बेटे को एक विस्फोटक बल्लेबाज बनाना चाहते हैं लेकिन हुआ इसके बिल्कुल उलट. कोच धीरज शर्मा ने मानव सुथार के खेल को दो दिनों तक देखा और उसके बाद वो ये समझ गए, कि मानव बल्लेबाजी के लिए नहीं बल्कि गेंदबाजी के लिए बने हैं. मानव के कोच का अंदाजा एकदम सटीक निकला. जिसकी बदौलत आज महज 22 साल की उम्र में मानव घरेलू क्रिकेट में बड़ा नाम कमा चुके हैं. अब तक 14 फर्स्ट क्लास मैचों में मानव सुथार ने 65 विकेट चटकाए हैं. जो कि एक खिलाड़ी के लिए कमाल का प्रदर्शन है.
दलीप ट्रॉफी में मानव सुथार ने झटके कुल 8 विकेट
दलीप ट्रॉफी में इंडिया डी के खिलाफ मानव सुथार ने कुल 8 विकेट चटकाए हैं. पहली पारी में मानव ने एक विकेट हासिल किया और दूसरी पारी में वो 7 विकेट ले उड़े. इस मैच में मानव ने श्रीकर भरत को दो बार आउट किया. इसके अलावा वो देवदत्त पडिक्कल, रिकी भुई, अक्षर पटेल जैसे बड़े खिलाड़ियों का भी विकेट लेने में कामयाब हुए. मानव सुथार के अंदर कमाल की काबिलियत है और जल्द ही ये खिलाड़ी टीम इंडिया के लिए टेस्ट क्रिकेट में खेलता हुआ भी नजर आ सकता है. आईपीएल में भी मानव सुथार एक ही मैच खेल सके हैं. मानव गुजरात टाइटंस टीम का हिस्सा थे