हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए जिंद के जुलाना विधानसभा सीट से कांग्रेस ने विनेश फोगाट को मैदान में उतारा है. विनेश फोगाट के चुनावी दंगल में उतरने के बाद से यहां पर मुकाबला दिलचस्प होने के आसार नजर आ रहे हैं. जुलाना सीट से साल 2019 में जेजेपी के नेता अमरजीत ढांडा ने चुनाव लड़ा था और को 24193 वोटों के बड़े अंतर से बीजेपी को शिकस्त दी थी.
रविवार से विनेश करेंगी प्रचार अभियान की शुरुआत
विनेश के चुनावी मैदान में उतरने से जुलाना विधानसभा से कांग्रेस की स्थिति मजबूत नजर आ रही है. विनेश फोगाट रविवार को जुलाना से अपना प्रचार अभियान शुरू करने वाली है. इस दौरान विनेश अपने पति सोमवीर राठी के पैतृक गांव बख्ता खेड़ा में पंचायत को संबोधित करेंगी. वहीं विनेश के ससुर राजपाल राठी ने निर्वाचन क्षेत्र का दौरा करना शुरू कर दिया है और गांव-गांव जाकर अपनी बहू के लिए वोट जुटा रहे हैं और वह समुदाय के खाप नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं.
ब्राह्मण चेहरे पर दांव लगाने की तैयारी में बीजेपी
भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पहली सूची में जुलाना सीट से उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है. सूत्रों के अनुसार भाजपा इस निर्वाचन क्षेत्र में बड़ी आबादी होने के कारण ब्राह्मण को टिकट दे सकती है. इस निर्वाचन क्षेत्र में जाट सबसे बड़ा वोट ब्लॉक हैं. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली ने कहा “हम हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अगली सूची जल्द ही घोषित करेंगे” वहीं विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया के कांग्रेस में शामिल होने पर मोहन लाल बडोली का कहना है कि “खिलाड़ी हमारे देश का गौरव हैं. हम उन पर राजनीति नहीं करते. वे कांग्रेस में शामिल होने के बाद सदस्य के रूप में काम करेंगे.”
विनेश के भाई हरविंदर बीजेपी के रवैये से नाखुश
विनेश के भाई हरविंदर फोगाट ने विनेश के कांग्रेस में शामिल होने के फैसले पर गर्व जताया. विनेश के परिवार का मानना है कि राजनीति विनेश के लिए एक नया मंच है. जहां से विनेश अपने महत्वपूर्ण मुद्दों के लिए लड़ सकती हैं. विनेश के भाई हरविंदर ने कहा कि “संघर्ष जारी रहेगा फिर चाहे वो सड़क पर हो, कुश्ती मैट पर हो या फिर अब राजनीति में भी हो. हम लोग महिलाओं, किसानों और गरीबों के लिए स्वस्थ राजनीति करेंगे.” हरविंदर ने बीजेपी नेताओं द्वारा विनेश के कांग्रेस में शामिल होने के बाद दिए गए बयानों पर भी निशाना साधते हुए पूर्व खेल मंत्री अनिल विज की आलोचना की. भाई हरविंदर फोगाट ने निराशा जताते हुए कहा कि ओलंपिक्स से लौटने के बाद कोई भी बीजेपी नेता विनेश का स्वागत करने नहीं आया.
अब हॉट सीट बन गई जुलाना विधानसभा सीट
अब विधानसभा सीट एक हॉट सीट बन गई है. जाटलैंड की जुलाना विधानसभा सीट पर हमेशा क्षेत्रीय पार्टियों जैसे इनेलो और जेजेपी का प्रभाव रहा है. वहीं अब विनेश और बजरंग के कांग्रेस में शामिल होने के बाद पार्टी को जाट वोट बैंक को मजबूत करने में मदद मिलेगी. जो राज्य की कुल जनसंख्या का लगभग 25 प्रतिशत है.