आईपीएल में पिछले साल शाहरुख खान की टीम केकेआर को जीत मिली थी. गौतम गंभीर की मेंटॉरशिप में तीसरी बार केकेआर आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम करने में कामयाब रही थी. इस जीत के बाद ही गौतम गंभीर केकेआर का साथ छोड़कर टीम इंडिया के हेड कोच बन गए. तब से ही फ्रेंचाइजी को उनके जैसे ही एक दिग्गज की तलाश थी. ये तलाश अब खत्म होती हुई नजर आ रही है. एक रिपोर्ट के मुताबिक कुमार संगाकारा केकेआर में गंभीर की जगह ले सकते हैं. इसके लिए टीम की फ्रेंचाइजी ने उनसे बातचीत शुरू कर दी है और अगले कुछ दिनों में इसका ऐलान होने की भी उम्मीद जताई जा रही है.
संगाकारा छोड़ देंगे राजस्थान रॉयल्स का साथ
साल 2021 से कुमार संगाकारा राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़े हैं. राजस्थान की फ्रेंचाइजी में संगाकारा डाईरेक्टर ऑफ क्रिकेट की भूमिका के साथ ही हेड कोच की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे. हाल ही में राजस्थान ने राहुल द्रविड़ को अपना नया हेड कोच घोषित कर दिया है. बता दें राजस्थान ने संगाकारा को दूसरी लीग में फ्रेंचाइजी की टीमों को संभालने की जिम्मेदारी सौंपी थी. सूत्रों की मानें तो संगाकारा ने अब फ्रेंचाइजी के साथ अपने रिश्तों को यही विराम देने का फैसला कर लिया है.
संगाकारा के पास हैं कई टीमों के ऑफर
आईपीएल में भारत के पूर्व क्रिकेटर चंद्रकांत पंडित कोलकाता नाइट राइडर्स के हेड कोच की जिम्मेदारी संभालते हैं. वहीं भारत के पूर्व बॉलिंग कोच भरत अरुण के पास टीम के बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी है. जबकि गौतम गंभीर, रेयान टेन डेश्काटे और अभिषेक नायर के टीम से जाने के बाद मेंटॉर, फील्डिंग कोच और बैटिंग कोच का पद खाली हो गया है. फिलहाल शाहरुख की टीम अपने मेंटॉर की तलाश में है और उसने इसके लिए संगाकारा से बातचीत की है. वहीं दूसरी ओर संगाकारा को आईपीएल की कुछ अन्य टीमों से भी ऑफर मिला है.
संगाकारा का आईपीएल में बेहतरीन रिकॉर्ड
इंटरनेशनल क्रिकेट में कुमार संगाकारा दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. कुछ दिन पहले तक वो इंग्लैंड क्रिकेट टीम के व्हाइट बॉल के हेड कोच बनने की रेस में भी शामिल थे. हालांकि इंग्लैंड ने ब्रैंडन मैक्कुलम को इसके लिए चुन लिया है. इसके साथ ही संगाकारा अब रेस से बाहर हो गए हैं. बात करें आईपीएल में संगाकारा के रिकॉर्ड की, तो उन्होंने 2021 में राजस्थान को ज्वॉइन करने के बाद से अच्छा काम किया है. संगाकारा की निगरानी में टीम 2022 में फाइनल तक पहुंचने में कामयाब रही थी. वहीं 2024 के सीजन में प्लेऑफ में क्वालिफाई कर तीसरे नंबर पर रही थी.