अमरोहा के एक निजी स्कूल से एक ऐसा मामला सामने आया है. जहां पर स्कूल में नॉनवेज लाने के आरोप में एक छात्र को ना सिर्फ स्टोर रूम में बंद कर दिया गया बल्कि स्कूल से छात्र का नाम भी काट दिया गया है. वहीं अब ये मामला तूल पकड़ता जा रहा है. साथ ही सियासी दलों को राजनीति का एक और मुद्दा मिल गया है. जिसके तहत समाजवादी पार्टी के नेता पीड़ित परिवार से मुलाकात करने उसके घर तक पहुंच गए हैं. इस दौरान सपा नेता ने पीड़ित परिवार को आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.
क्या है पूरा मामला
दरअसल अमरोहा जोया रोड पर एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल ने एक 5 साल के छात्र पर स्कूल में नॉनवेज लाने का आरोप लगाते हुए नाम काट दिया है. इतना ही नहीं प्रिंसिपल ने बच्चे को आतंकवादी, हिंदू बच्चों को मांस खिलाने और मंदिर तोड़ने का भी आरोप लगा दिया है. वहीं छात्र की मां और स्कूल के प्रिंसिपल के बीच इस बात को लेकर तीखी नोंकझोंक भी हुई. पीड़ित बच्चे की मां ने इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है. वीडियो में स्कूल के प्रिंसिपल को कहते हुए साफ सुना जा सकता है कि आपका बच्चा स्कूल में नॉनवेज खाना लेकर आता है और स्कूल में मंदिर को तोड़ता है.
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जांच के लिए बनाई टीम
वहीं इस मामले को लेकर अमरोहा की मुस्लिम कमेटी ने एक मीटिंग की. इस मीटिंग के बाद मुस्लिम कमेटी ने एसडीएम के माध्यम से केंद्रीय शिक्षा मंत्री भारत सरकार धर्मेंद्र प्रधान से स्कूल प्रिंसिपल पर कार्रवाई करने की मांग की है. वहीं दूसरी तरफ पीड़ित छात्र की मां द्वारा बनाए गए वीडियो के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में भी हड़कंप मच गया है. वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी ने हिल्टन कॉन्वेंट स्कूल के मामले में आरोप-प्रत्यारोपों की जांच के लिए अमरोहा के 3 राजकीय कॉलेजों के प्रधानचार्यों की एक संयुक्त टीम बना दी है. इस मामले में मुस्लिम कमेटी के अध्यक्ष हाजी खुर्शीद अनवर का कहना है कि हम आरोपी प्रिंसिपल पर मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. क्योंकि यह मामला हमारे बच्चों के भविष्य से जुड़ा है.