19 सितंबर से भारत और बांग्लादेश के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज होने वाला है. इस टेस्ट मैच का हिस्सा बनने के कई भारतीय खिलाड़ी बेताब है. इसके लिए इन दिनों चल रही दलीप ट्रॉफी के मैच के दौरान खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भी नजर आ रहे हैं. तो वहीं दलीप ट्रॉफी में खेल रहे सभी खिलाड़ियों पर सेलेक्टर्स की भी पैनी नजर है. जिसके बाद टीम इंडिया के धाकड़ खिलाड़ी और टेस्ट टीम के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा का पत्ता कटने के काफी आसार नजर आ रहे हैं.
अक्षर बने रवींद्र के लिए बड़ी चुनौती
दरअसल रवींद्र जडेजा के सामने भारतीय टीम ऑलराउंडर अक्षर पटेल चुनौती बनकर खड़े हो गए हैं. जिसके लिए अक्षर ने इन दिनों दलीप ट्रॉफी के दौरान मैदान पर अपने बल्ले और गेंद का कहर बरपा रखा है. दलीप ट्रॉफी का मुकाबला अनंतपुर में इंडिया C और इंडिया D के बीच खेला जा रहा है. इंडिया D के लिए नंबर-7 पर बल्लेबाजी करते हुए अक्षर पटेल ने 6 छक्के और 6 चौके की मदद से 118 गेंदों पर 86 रन बनाए हैं. अक्षर पटेल ने अपनी गेंदबाजी का कमाल दिखाते हुए इंडिया C के 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा है. अक्षर पटेल ने अपने इस प्रदर्शन के दम पर बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में चयन के लिए दावा ठोंक दिया है. कप्तान रोहित शर्मा के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में से एक हैं अक्षर पटेल. बांग्लादेश के खिलाफ भारत के टेस्ट स्क्वॉड में अक्षर पटेल को चुना जा सकता है. वहीं जब बात प्लेइंग इलेवन में चयन की आएगी तो रवींद्र जडेजा का इस मामले में अक्षर पटेल पत्ता काट भी सकते हैं. अक्षर पटेल ने पिछले कुछ महीनों में रवींद्र जडेजा से बेहतर प्रदर्शन करके दिखाया है. कप्तान रोहित शर्मा बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैचों में रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन में तरजीह दे सकते हैं.
अक्षर पटेल का सभी फॉर्मेट्स में है बेहतरीन रिकॉर्ड
टीम इंडिया के लिए अक्षर पटेल सबसे बड़े मैच विनर हैं. 14 टेस्ट मैचों में अक्षर पटेल ने 646 रन बनाते हुए 55 विकेट हासिल किए हैं वहीं 60 वनडे मैचों में 64 विकेट और 62 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 62 विकेट हासिल किए हैं. वनडे मैचों में अक्षर ने 568 रन तो टी20 इंटरनेशनल मैचों में 463 रन बनाए हैं. 150 IPL मैचों में अक्षर पटेल ने 1653 रन बनाते हुए 123 विकेट हासिल किए हैं.वहीं बात करें रवींद्र जडेजा की, तो उन्होंने 72 टेस्ट मैचों में 294 विकेट हासिल कर 3036 रन बनाए हैं. रवींद्र जडेजा ने 197 वनडे मैचों में 220 विकेट और 2756 रन बनाए हैं. जबकि 74 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 54 विकेट हासिल कर 515 रन बनाए हैं. वहीं 240 IPL मैचों में रवींद्र जडेजा ने 160 विकेट हासिल किए हैं और 2959 रन बनाए हैं.