Haryana Election में राहुल गांधी के एक दांव से मची खलबली, सामने आई ये बड़ी खबर !

हरियाणा में पहलवान बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट के चुनावी दंगल में उतरने की चर्चाएं तेज हैं. वहीं इन चर्चाओं के बीच बुधवार को पहलवान बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट ने दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की. जिसकी तस्वीरें कांग्रेस ने अपने ऑफिशियल ‘एक्स’ हैंडल पर साझा कीं. इसके साथ ही दोनों पहलवानों के कांग्रेस की ओर से हरियाणा विधानसभा चुनाव में उतरने की अटकलों को और हवा मिल गई है. हालांकि अब तक दोनों पहलवानों के उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर कांग्रेस ने स्थिति स्पष्ट नहीं की है. हरियाणा के प्रभारी दीपक बाबरिया ने मंगलवार को कहा था कि गुरुवार तक इस पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी.

पहलवान आंदोलन को भुनाने की तैयारी में कांग्रेस

दरअसल कयास लगाए जा रहे हैं कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट को उम्मीदवार बनाकर पहलवान आंदोलन को बीजेपी के खिलाफ भुनाने की तैयारी में है. इसके अलावा हाल ही में पेरिस ओलंपिक में अयोग्य करार दिए जाने के बाद विनेश फोगाट ने पहलवानी से सन्यांस ले लिया था और उस समय भी कांग्रेस ने विनेश का खुलकर समर्थन किया था. हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा था कांग्रेस के पास अगर पूरे विधायक होते तो विनेश फोगाट को राज्यसभा भेज देते. दरअसल कांग्रेस पार्टी विनेश के जरिए जाट वोट को भी साधने की तैयारी में नजर आ रही है.

 

कांग्रेस ने विनेश को 3 और बजरंग को 2 सीटों का दिया ऑप्शन!

वहीं दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी ने विनेश फोगाट को 3 और पहलवान पूनिया को 2 सीटों से चुनाव लड़ने का ऑप्शन दिया है. हालांकि अभी तक आधिकारिक रूप से स्थिति साफ नहीं हुई है. रिपोर्ट्स के अनुसार विनेश फोगाट अपने ससुराल जींद के जुलाना सीट से और बजरंग पूनिया झज्जर के बादली सीट से चुनाव लड़ सकते हैं. आपको बता दें कि एक ही चरण में हरियाणा विधानसभा की सभी 90 सीटों पर 5 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे. सभी सीटों के नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित कर दिए जाएंगे.

 

कांग्रेस की पहली लिस्ट जल्द आएगी सामने

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी की पहली लिस्ट जल्द ही सामने आने वाली है. जिसको लेकर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में चर्चा हुई थी. मंगलवार तक कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने 90 में से 66 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दे दी है. हालांकि अब तक पार्टी की ओर से नामों की घोषणा नहीं की गई है. कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक उम्मीदवारों की सूची एक या दो दिन में जारी होने वाली है.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra