IPL 2025 से पहले Rahul Dravid को मिल गई बड़ी जिम्मेदारी, फिर से पुरानी टीम में लौटे वापस, राजस्थान से है ये कनेक्शन !

राजस्थान रॉयल्स में राहुल द्रविड़ की सालों बाद एक बार फिर वापसी हो गई है. एक रिपोर्ट के मुताबिक द्रविड़ को आईपीएल 2025 से पहले टीम का हेड कोच बना दिया गया है. द्रविड़ ने राजस्थान रॉयल्स के साथ एक डील साइन कर ली है. बता दें कि द्रविड़ का इस टीम के साथ पुराना कनेक्शन रहा है. राहुल द्रविड़ अपने आईपीएल करियर के दौरान राजस्थान के कप्तान रह चुके हैं. इसके बाद टीम के मेंटर भी रहे. द्रविड़ राजस्थान के बाद दिल्ली डेयरडेविल्स से जुड़ गए थे. उनकी कोचिंग में हाल ही में टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2024 का खिताब भी जीता. मेगा ऑक्शन के दौरान द्रविड़ हेड कोच के रूप में अहम भूमिका निभाएंगे. उनका टीम के साथ काफी अच्छा रिश्ता रहा है. कप्तान संजू सैमसन भी द्रविड़ के काफी करीब रहे हैं. द्रविड़ ने संजू को अंडर 19 के दिनों से देखा है.

साल 2012 और 2013 में रह चुके राजस्थान रॉयल्स के कप्तान

राहुल द्रविड़ का आईपीएल करियर शानदार रहा है. वे आईपीएल 2012 और 2013 में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रह चुके हैं. इसके बाद भी टीम के साथ दो साल और जुड़े रहे. द्रविड़ 2014 और 2015 में टीम के मेंटर और डायरेक्टर रहे. वे इसके बाद 2016 में दिल्ली डेयरडेविल्स के साथ जुड़ गए. इसके बाद द्रविड़ भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक अहम भूमिका में जुड़ गए.

2021 में बने थे टीम इंडिया के हेड कोच

द्रविड़ आईपीएल टीमों के बाद नेशनल क्रिकेट एकेडमी में आ गए. वे 2019 एकेडमी के हेड बन गए. इसके बाद साल 2021 में राहुल द्रविड़ को टीम इंडिया का हेड कोच बना दिया गया. भारत ने द्रविड़ की कोचिंग में टी20 विश्व कप 2024 का खिताब जीता. कुमार संगकारा राजस्थान रॉयल्स के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट हैं. अब द्रविड़ भी टीम का हिस्सा हैं. राहुल के साथ ही विक्रम राठौर को भी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है. राठौर को असिस्टेंट कोच बनाया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक राठौर भी डील साइन कर चुके हैं.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra