भारतीय क्रिकेट टीम के लिए बांग्लादेश दौरे से पहले एक बुरी खबर सामने आई है. भारतीय टीम के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव चोटिल हो गए है. दरअसल बुची बाबू आमंत्रण टूर्नामेंट में फील्डिंग के दौरान सूर्यकुमार यादव चोटिल हो गए है. एक रिपोर्ट में बताया गया है कि सूर्यकुमार यादव कोयंबटूर में मुंबई और तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन XI के बीच मुकाबले में फील्डिंग के दौरान चोटिल हुए हैं. मुकाबले में सूर्या सिर्फ 38 गेंदों तक ही मैदान पर रह सके और फिर उन्हें चोट लग गई.
दलीप ट्रॉफी में भी खेलने पर संशय
सूर्या की इस इंजरी के बाद दलीप ट्रॉफी में खेलने पर भी सवाल खड़े हो गए हैं. दलीप ट्रॉफी की शुरुआत 5 सितंबर से होगी. दलीप ट्रॉफी में सूर्या टीम ‘सी’ का हिस्सा हैं. हालांकि इस बात को लेकर कोई जानकारी नहीं सामने आई है, कि सूर्या की इंजरी कितनी गंभीर है और सूर्या कब तक दोबारा वापसी कर सकेंगे. सूर्या को श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया का टी20 कप्तान बनाया गया. 6 अक्टूबर से बांग्लादेश के खिलाफ खेली जाने वाली टी20 सीरीज के लिए सूर्या उपलब्ध होंगे या नहीं, इस पर भी अभी तक कोई अपडेट सामने नहीं आया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि सूर्या की मैदान पर वापसी कब होती है.
सूर्या ने टेस्ट क्रिकेट खेलने की जाहिर की थी इच्छा
सूर्यकुमार यादव ने कुछ समय पहले ही भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने की इच्छा जाहिर की थी. सर्या ने अपने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि “रेड बॉल क्रिकेट हमेशा मेरी प्राथमिकता रहा है. जब मैं मुंबई के मैदानों में बड़ा हुआ और बहुत सारे स्थानीय क्रिकेट खेले, तो मैंने लाल चेरी के साथ खेलना शुरू कर दिया. वहीं से लंबे फॉर्मेट के लिए प्यार की शुरुआत हुई और वह हमेशा कायम रहा. मैंने पिछले 10 सालों से भी ज्यादा समय से तमाम फर्स्ट मैचों में हिस्सा लिया है और मुझे अब भी इस फॉर्मेट में खेलना अच्छा लगता है. इसके बारे में मेरे मन में कोई सवाल नहीं है. इसीलिए मैं दलीप ट्रॉफी से पहले यहां पर आया हूं.”