भारतीय मेवों में शुमार मखाना लोगों की सेहत के लिए काफी फायदेमंद है. इसे फॉक्स नट्स या लोटस सीड्स भी कहा जाता है. भारतीय खानपान में मखाने का एक बड़ा स्थान है. मखाना न केवल स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि इसके अनगिनत सेहतमंद गुण भी होते हैं. नियमित रूप से अगर आप एक महीने तक मखाना खाते हैं. तो मखाना आपके शरीर पर अनेक प्रकार के सकारात्मक प्रभाव डाल सकता है. हम सभी अक्सर मखाना को हल्के में लेते हैं और इस पर उतना ध्यान नहीं देते हैं, लेकिन जब आप मखाना खाने के स्वास्थ्य लाभ जानेंगे तो आप भी हैरान रह जाएंगे.
वजन घटाने में मददगार मखाना
मखाना में कैलोरी की मात्रा कम और फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है. अगर आप रोजाना एक मुट्ठी मखाना खाते हैं तो आपका पेट लंबे समय तक भरा रहता है. जिससे अनावश्यक भूख और जंक फूड की चाहत कम हो जाती है. इसके साथ ही मखाना खाने से वजन घटाने में काफी मदद मिलती है.
डायबिटीज कंट्रोल करने में करता है मदद
मखाना का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है. जिससे यह ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल में रखने में सहायता करता है. जिसके कारण डायबिटीज से पीड़ित लोगों के लिए मखाना एक बेहतरीन स्नैक माना जाता है.
हार्ट को हेल्दी रखने में कारगर
पोटैशियम और मैग्नीशियम की मात्रा मखाने में ज्यादा होती है. जो हार्ट को हेल्दी रखने में काफी मदद करते हैं. मखाना कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखने में भी सहायक होता है. जिसके कारण हार्ट डिजीज का खतरा कम हो जाता है.
हड्डियों को बनाता है मजबूत
मखाना कैल्शियम से भरपूर होता है जो कि हड्डियों को मजबूत बनाने में बड़ी भूमिका निभाता है. नियमित मखाना सेवन से हड्डियों में दर्द और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं से राहत मिलती है.
डिटॉक्सिफिकेशन में सहायक
मखाना एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है. जो शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करते हैं. यह लिवर को डिटॉक्सिफाई करता है और संपूर्ण स्वास्थ्य में सुधार करता है.
तनाव और चिंता को करता है कम
मखाना में प्राकृतिक सेडेटिव गुण होते हैं. जो कि तनाव और चिंता को कम करने में सहायक होते हैं. मखानाआपके मानसिक स्वास्थ्य को सुधारने में भी मदद करता है. साथ ही आपको मानसिक रूप से मजबूत भी बनाता है.
मखाने में पाए जाते हैं एंटी-एजिंग गुण
मखाना में एंटी-एजिंग गुण पाए जाते हैं. मखाने के एंटी-एजिंग गुण झुर्रियों और फाइन लाइन्स को कम करने में मदद करते हैं. रोज नियम से मखाना खाने से त्वचा में निखार आता है और आप युवा दिखते हैं.
पाचन तंत्र को सुधारता है मखाना
पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मखाना का सेवन काफी कारगर साबित होता है. इसके सेवन से कब्ज, गैस और अपच जैसी समस्याओं को दूर करने में मदद मिलती है.
प्रजनन स्वास्थ्य में सुधार
मखाना में ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो प्रजनन स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं. मखाना पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए ही लाभकारी होता है.
एनर्जी का स्रोत
मखाना शरीर को तुरंत एनर्जी प्रदान करता है. खासकर उन लोगों के लिए मखाना बहुत लाभकारी होता है जो थकावट और कमजोरी महसूस करते हैं.