यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पत्र लिखा है. जिसमें राहुल गांधी ने रायबरेली के पिछवरीया गांव में हुई अर्जुन पासी की हत्या के मामले में चिंता जताई है. ये पत्र राहुल ने हत्या के मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और गांव के हालातों को लेकर लिखा है. पत्र में राहुल ने आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी के पीछे राजनीतिक संरक्षण की संभावनाओं पर सवाल खड़े किए हैं.
राहुल गांधी ने की मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
राहुल गांधी ने पत्र में लिखा है कि अर्जुन पासी की हत्या के मामले में अब तक मुख्य आरोपी विशाल सिंह की गिरफ्तारी नहीं हुई है. जबकि घटना को दो सप्ताह से अधिक का समय बीत चुका है. राहुल ने आरोप लगाया है कि आरोपी को राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है. जिसकी वजह से आरोपी की गिरफ्तारी में देरी हो रही है. इस मुद्दे पर राहुल गांधी ने सीएम योगी से तुरंत कार्रवाई की मांग की है. राहुल गांधी ने पत्र में लिखा कि “दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी हत्या के आरोपी विशाल सिंह की गिरफ्तारी नहीं हुई है. जिससे पीड़ित दलित समाज में डर बैठा हुआ है. एक बेहद गरीब और शोषित दलित परिवार को न्याय से वंचित रखा जा रहा है.”
पत्र में पीड़ितों से मुलाकात का भी किया जिक्र
इसके साथ ही राहुल गांधी ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि उन्होंने हाल ही में पीड़ित परिवार से मुलाकात की. इस दौरान राहुल ने पीड़ितों के दुखों को साझा किया. उन्होंने जिले के डीएम और एसपी से भी इस मामले पर बातचीत की थी लेकिन इसके बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. राहुल गांधी ने अपने पत्र के अंत में कहा कि “मैं आपसे आग्रह करता हूं कि आप जल्द से जल्द मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएं. साथ ही इस संबंध में की गई कार्रवाई से मुझे जरूर अवगत कराएं.”
क्या है पूरा मामला
11 अगस्त को रायबरेली के पिछवरीया गांव में अर्जुन पासी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. अर्जुन पासी दलित समुदाय से ताल्लुक रखते थे. अर्जुन पासी की हत्या से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. हत्या के मुख्य आरोपी विशाल सिंह की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो पाई है. जिसके कारण पीड़ित परिवार और दलित समाज में डर और गुस्से का माहौल है.