क्यों भड़की उदयपुर सिटी में आग, आखिर क्या थी असली वजह, सब जानें एक क्लिक में

राजस्थान के उदयपुर में एक छोटे से विवाद ने बड़ा रूप ले लिया है. इस विवाद के चलते उदयपुर में हिंसा भड़क उठी है. जगह-जगह आगजनी हो रही है. बाजार और दुकानें बंद करवा दी गईं और शहर भर में जगह-जगह तोड़फोड़ की गई. बढ़ती हिंसा के चलते शहर के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है. बताया जा रहा है कि शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र के भट्टियानी चौहट्टा के सरकारी विद्यालय के दसवीं के छात्रों का आपस में विवाद हो गया था. इसके बाद एक किशोर ने दूसरे को चाकू मारकर घायल कर दिया.

जिला कलेक्टर ने धारा-144 की लागू

घटना के बाद से शहर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है. शहर में लोगों ने बाजार बंद करवा दिए. साथ ही जगह-जगह टायर जलाकर प्रदर्शन किया.आक्रोशित लोगों ने कई स्थानों पर तोड़फोड़ की है. कई जगह वाहनों को आग के हवाले कर दिया है. जिसमें करीब आधा दर्जन से अधिक वाहनों में आग लगाई गई है. हजारों की संख्या में लोग एमबी चिकित्सालय पहुंच गए हैं. वहां भी जोरदार हंगामा किया गया. घटना की सूचना पर सांसद मन्नालाल रावत, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल, एसपी योगेश गोयल अस्पताल पहुंचे. इस घटना के चलते वॉल सिटी के सारे बाजार बंद करा दिए गए. माहौल बिगड़ते देख जिला कलेक्टर ने धारा-144 लागू कर दी है. इसके साथ ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर और उसके पिता को हिरासत में ले लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है. पीड़ित परिजन आरोपी छात्र के घर पर बुलडोजर चलाने की जिद पर अड़े हैं.

दो किशोरों के बीच हुई चाकूबाजी

बताया जा रहा है कि दोनों छात्रों के बीच कुछ दिन से विवाद चल रहा था. दोनों एक-दूसरे को धमकी दे रहे थे. शुक्रवार दोपहर खांजीपीर में रहने वाला किशोर चाकू लेकर विद्यालय आया. इसी बीच दोनों के बीच में विवाद हुआ. इस दौरान किशोर ने चाकू निकालकर हमला कर दिया. इससे वो नीचे गिर पड़ा और लहूलुहान हो गया. चाकू मारने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया. आनन-फानन घायल बच्चे को साथी छात्रों और टीचर ने स्कूटी पर बैठाकर अस्पताल पहुंचाया. इसी बीच घायल बच्चे को अटैक आने पर कार्डियोलॉजी में शिफ्ट किया गया. इसी बीच परिजन भी अस्पताल पहुंच गए. देखते ही देखते इस घटना की वजह से माहौल बिगड़ना शुरू हो गया. वहीं घटना से आक्रोशित लोगों ने शहर के बाजार बंद करवा दिए. कुछ ही देर में पूरे शहर के बाजार बंद हो गए. हिंदू संगठनों के हजारों लोग शहर के चौराहों पर जमा हो गए और टायर जलाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. माहौल बिगड़ता देखकर भारी पुलिस बल शहर के चौराहों पर तैनात किया.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra