जो CM योगी ने कर दिया वो कोई नहीं कर पाया, मिथक से लेकर तोड़ डाले ये बड़े रिकॉर्ड

पीएम मोदी के 11 बार लाल किले पर झंडा फहराने के रिकॉर्ड के बाद अब सीएम योगी ने भी एक रिकॉर्ड कायम कर दिया है. सीएम योगी आदित्यनाथ अब उत्तर प्रदेश में सबसे लंबे समय तक लगातार कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री बन गए हैं. 7 साल 148 दिन तक सीएम बनने का रिकॉर्ड योगी आदित्यनाथ के नाम दर्ज हो गया है. योगी आदित्यनाथ से पहले कांग्रेस के मुख्यमंत्री डॉक्टर संपूर्णानंद इस पद पर सबसे ज्यादा समय तक बने रहे थे. वहीं बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने 4 और समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह ने 3 बार शपथ ली लेकिन फिर भी रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए हैं.

नारायण दत्त तिवारी का 37 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ चुके योगी

सीएम योगी की गिनती उन नेताओं में होती है. जिनके नेतृत्व में सूबे में किसी पार्टी की दूसरी बार सरकार बनी है. जब 25 मार्च 2022 को सीएम योगी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी तो उन्होंने नारायण दत्त तिवारी का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया था. साल 1985 में अविभाजित उत्तर प्रदेश में नारायण दत्त ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. सीएम योगी आदित्यनाथ ने नोएडा जाने से कुर्सी चली जाने के मिथक को भी तोड़ने का काम किया है. योगी आदित्यनाथ ने सीएम रहते हुए कई बार नोएडा पहुंचकर कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है.

सीएम ने यूपी की उपलब्धियों पर दिया जोर

गुरुवार को 78वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले 7 सालों में उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों पर खासा जोर दिया. इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि राज्य छठी या सातवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से बढ़कर भारत की दूसरी सबसे बड़ी राज्य अर्थव्यवस्था बन गया है. जिसने देश के सकल घरेलू उत्पाद में 9.2% का योगदान दिया है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद को यूपी सरकार को एक संभावित विकास इंजन के रूप में स्थापित किया है.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra