15 अगस्त के मौके पर बॉलीवुड की ओर से भी फैंस के लिए सौगात पेश की गई. ‘स्त्री 2’ के साथ-साथ अक्षय कुमार की ‘खेल खेल में’ और जॉन अब्राहम की ‘वेदा’ भी रिलीज हो रही थीं. जहां एक साथ तीन फिल्मों के रिलीज से दर्शकों की चांदी होने वाली थी. वहीं मेकर्स के लिए हार और जीत का खेल. वहीं इन सबके बीच जहां ‘स्त्री 2’ को रिलीज करने के लिए 15 अगस्त की तारीख को बदल दिया. मेकर्स ने विचार किया कि चुड़ैल तो रातों में आती है, तो ‘स्त्री 2’ को भी रात में ही आना चाहिए. बस फिर क्या था वक्त से पहले 14 अगस्त की रात को ‘स्त्री 2’ को रिलीज कर दिया गया. जहां मेकर्स ने इस महाक्लैश से बचने के लिए एक रात पहले आने का बड़ा फैसला लिया. वहीं दूसरी ओर कमाल की बात ये हुई कि मेकर्स के फैसले ने शाहरुख खान का 11 साल पुराना रिकॉर्ड भी चकना-चूर कर दिया.
‘स्त्री 2’ को दर्शकों ने दिया शानदार रिस्पॉन्स
‘स्त्री 2’ ने 14 अगस्त की रात 9:30 बजे से पेड प्रीव्यू शो के साथ बॉक्स ऑफिस पर अपना सफर शुरू किया. लगभग 3000 शो चलाने के बाद ‘स्त्री 2’ को दर्शकों से शानदार रिस्पॉन्स मिलना शुरू हो गया. जिसे देखते हुए ये अंदाजा लगाया गया कि ये फिल्म 10 करोड़ के करीब कमाई करेगी. एक रिपोर्ट की मानें तो स्त्री 2 ने पेड प्रीव्यू में 8 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है. वहीं गुरुवार के शुरुआती कलेक्शन को लेकर अनुमान लगाया जा रहा है कि ‘स्त्री 2’ ने अब तक 12.51 करोड़ की कमाई कर ली है. ‘स्त्री 2’ ने महज रात के दो शो से ही शाहरुख खान का 11 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
छुट्टी के मौके पर पेड प्रीव्यू ‘स्त्री 2’ के लिए अच्छा
साल 2013 में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ ने एक रिकॉर्ड बनाया था. 11 साल पहले ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ ने पेड प्रीव्यू में 6.50 करोड़ का कलेक्शन किया था, जिसे अब श्रद्धा कपूर की हॉरर कॉमेडी के सीक्वल ने तोड़ डाला है. पिछले 11 साल से शाहरुख की इस फिल्म का रिकॉर्ड कोई फिल्म नहीं तोड़ पाई उसे ‘स्त्री 2’ ने तोड़ दिया. छुट्टी के मौके पर पेड प्रीव्यू भले ही ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ और ‘स्त्री 2’ के लिए अच्छा साबित हुआ है लेकिन ये आइडिया बॉलीवुड में ज्यादा काम नहीं कर पाया है.‘स्त्री 2’ को फैंस से जिस तरह का रिस्पॉन्स मिल रहा है. उसे देखकर लग रहा है कि ये फिल्म कई स्टार्स की फिल्मों के लिए खतरा साबित होने वाली है.