आदित्य बिड़ला ग्रुप की दुनिया की सबसे बड़ी एल्यूमिनियम कंपनी हिंडाल्को इंडस्ट्रीज में बड़े बदलाव हुए हैं. अब कुमार मंगलम बिड़ला के बच्चों की हिंडाल्को इंडस्ट्रीज में एंट्री हो गई है. कुमार मंगलम ने अपने दोनों बच्चों को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल किया है. हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ओर से मंगलवार को जारी किए गए एक बयान में कहा गया कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में अनन्या और आर्यमान को डायरेक्टर के रूप में शामिल करने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई है. इससे पहले अनन्या बिड़ला और आर्यमन विक्रम बिड़ला को साल 2023 में ग्रासिम इंडस्ट्रीज और आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल के बोर्ड में भी जगह दी गई थी.
युवाओं की सोच और कारोबारी समझ करेगी मदद
हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के बोर्ड ने 13 अगस्त को अनन्या और आर्यमन की नियुक्ति पर मुहर लगाई है. कंपनी ने कहा कि इन दोनों युवाओं की नई सोच और कारोबारी समझ से हमें आगे बढ़ने में काफी मदद मिलेगी. अनन्या और आर्यमन एनर्जी सेक्टर में आ रहे बदलाव और कम कार्बन उत्सर्जन कंपनी बनाने में मदद कर सकते हैं. हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड एक एल्यूमीनियम और कॉपर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है. कंपनी फोर्ब्स ग्लोबल 2000 में भी शामिल है. कंपनी का मार्केट कैप साल 2023 में 15 बिलियन डॉलर से ज्यादा था.
अनन्या और आर्यमन का नजरिया कंपनी के लिए फायदेमंद-बिड़ला
हिंडाल्को के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि अनन्या और आर्यमन को हिंडाल्को बोर्ड में शामिल करने का सही समय आ गया था. अनन्या और आर्यमान कंधों पर डायरेक्टर के पद की जिम्मेदारी सौंप दी गई है. अब इन दोनों को ही हिंडाल्को इंडस्ट्रीज को भविष्य का रास्ता दिखाना होगा. दुनिया की ऊर्जा जरूरतें बदल रही हैं. अनन्या और आर्यमन के पास नया नजरिया है. जो कंपनी के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा. आदित्य बिड़ला ग्रुप की प्रमुख मेटल कंपनी हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड है. रेवेन्यू के हिसाब से हिंडाल्को दुनिया की सबसे बड़ी एल्यूमीनियम कंपनी है. दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी कॉपर रॉड मेकर (चीन के बाहर) है.
इन कंपनियों में दी गई अनन्या और आर्यमान को जगह
अनन्या बिड़ला एक सफल महिला व्यवसायी होने के साथ-साथ एक मशहूर गायिका भी हैं. अनन्या ने महज 17 साल की उम्र में स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनाई थी. जो कि आज देश की दूसरी सबसे बड़ी स्मॉल फाइनेंस कंपनी है. वहीं दूसरी ओर आर्यमान के पास उद्यमिता, उद्यम पूंजी निवेश और पेशेवर खेल जैसे विविध अनुभव हैं. बिड़ला ग्रुप के फैशन, खुदरा, रियल एस्टेट और पेंट सहित कई व्यवसायों से आर्यमान जुड़े हुए हैं. साल 2023 में अनन्या और आर्यमान को समूह की प्रमुख कंपनियों ग्रासिम इंडस्ट्रीज और आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल के निदेशक मंडल में जगह दी गई थी. अनन्या और आर्यमान को आदित्य बिड़ला मैनेजमेंट कॉरपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड के बोर्ड में भी निदेशक बनाया गया था. जो आदित्य बिड़ला ग्रुप के बिजनेस को रणनीतिक दिशा देने की टॉप बॉडी है.