लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल से मंगलवार को संसद भवन में मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने राहुल को किसानों के कर्ज माफी और एमएसपी की कानूनी गारंटी को लेकर दो ड्राफ्ट दिए. इसके बाद नेता प्रतिपक्ष राहुल ने किसानों को आश्वासन देते हुए कहा कि इस सत्र में समय कम बचा है. मगर अगले सत्र में वो किसानों की मांग को जरूर उठाएंगे.
प्राइवेट मेंबर बिल के जरिए उठाएंगे किसानों का मुद्दा
कांग्रेस नेता जयराम रमेश जानकारी देते हुए बताया है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अगले सत्र में प्राइवेट मेंबर बिल के जरिए किसानों की इन दोनों मांगों को सदन में उठाएंगे. आज हुई बैठक में किसानों ने राहुल गांधी से ये भी मांग की है कि वो कांग्रेस या फिर इंडिया ब्लॉक के 56 सदस्यों और किसान संगठनों के प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को मिलाकर एक कंसल्टेटिव कमेटी का गठन करें. कांग्रेस नेता जयराम रमेश की मानें तो ये कंसल्टेटिव कमेटी किसानों की समस्या पर वृहद रूप में लगातार चर्चा करेगी. नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का कहना है कि एमएसपी की कानूनी गारंटी जरूरी है. मगर किसानों की समस्या के समाधान के लिए और देश एग्रेरियन क्राइसिस से निपटने के लिए एक लॉन्ग टर्म कार्यक्रम की जरूरत है.
सर्वदलीय बैठक में राहुल ने बांग्लादेश के हालात पर उठाए सवाल
सरकार की ओर से मंगलवार को बांग्लादेश के हालात पर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हिस्सा लिया. इस दौरान राहुल गांधी ने सवाल किया कि क्या बांग्लादेश के इस घटनाक्रम के पीछे पाकिस्तान की कोई भूमिका हो सकती है.विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बैठक में नेताओं को जानकारी देते हुए बताया कि भारत ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को मदद का भरोसा दिलाया है. भारत ने पूर्व पीएम शेख हसीना को भविष्य की रणनीति तय करने के लिए समय दिया है. इस दौरान बैठक में राहुल ने बांग्लादेश में पिछले कुछ दिनों में उत्पन्न हालात को लेकर कुछ सवाल उठाए हैं. राहुल ने बांग्लादेश की सत्ता से शेख हसीना के हटने के राजनयिक प्रभावों से निपटने के लिए सरकार की रणनीति के बारे में जानने की कोशिश की. इस पर विदेश मंत्री ने कहा कि सरकार बांग्लादेश के हालातों पर लगातार नजर बनाए हुए है.