भारत के जेवलिन थ्रो खिलाड़ी नीरज चोपड़ा का पेरिस ओलंपिक 2024 में भी जलवा बरकरार है.नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक्स की पुरुष जेवलिन थ्रो प्रतियोगिता के फाइनल में एंट्री कर ली है. उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में 89.34 मीटर दूर भाला फेंककर ये जगह पक्की कर ली है. नीरज चोपड़ा को मैदान पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए एक एथलीट होने के नाते डेली रूटीन में भी अपना बेस्ट देना होता है, यानी डाइट से लेकर वर्कआउट तक का काफी ध्यान रखना होता है. जिसके लिए नीरज कई घंटे जिम में बिताते हैं. बता दें कि 2020 टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड अपने नाम करने के बाद नीरज चोपड़ा भारत के स्टार बन चुके हैं. भारत के बेस्ट एथलीट्स में से एक नीरज अपनी डाइट में क्या लेते हैं आइए जानते हैं-
लोडिंग फेज में 7 से 8 घंटे जिम में बिताते हैं नीरज
नीरज चोपड़ा का एक साल पुराना एक इंटरव्यू इस वक्त काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वह रैपिड फायर राउंड में अपनी फिटनेस के बारे में बात करते नजर आ रहे हैं. इस इंटरव्यू में नीरज ने बताया कि जब लोडिंग फेज होता है तो वह जिम में कम से कम 7 से 8 घंटे बिताते हैं. अपनी डाइट का भी नीरज चोपड़ा काफी ख्याल रखते हैं. नीरज की मानें तो वह एक दिन में कम से कम 4 से 5 हजार कैलोरी लेते हैं. जिसकी वजह है कि नॉर्मल लोगों के मुकाबले एथलीट्स को ज्यादा कैलोरी की जरूरत होती है.
नीरज को गांव के देसी खाने में चूरमा काफी पसंद
नीरज चोपड़ा हरियाणा के रहने वाले हैं. गांव के देसी खाने में नीरज को चूरमा काफी पसंद है लेकिन नीरज इसे चीट मील की तरह लेते हैं. बाकी दिनों में भी नीरज अपनी डाइट को ही फॉलो करते हैं. इसके अलावा नीरज चोपड़ा ने बताया कि जब टाइम होता है तो स्क्रीन पर दो से ढाई घंटे बिताते हैं. घूमने के लिए नीरज चोपड़ा की पसंदीदा डेस्टिनेशन स्विटजरलैंड है और जब वह वहां गए थे तो उन्हें काफी अच्छा लगा. नीरज चोपड़ा को पहाड़ काफी पसंद हैं और उन्हें रॉक क्लाइंबिंग करना भी अच्छा लगता है.