कुदरत और समय हर चीज से पर्दा उठा ही देते हैं. दरअसल यूपी की राजधानी लखनऊ में बुधवार सुबह से हुई तेज बारिश ने नगर निगम के सभी दावों की हवा निकाल दी. भीषण बारिश के कारण जहां शहर भर में जगह-जगह पानी भर गया. वहीं विधानसभा और सचिवालय भी इससे अछूता ना रहा. बारिश का पानी विधानसभा और सचिवालय की बिल्डिंग के अंदर तक घुस गया. जिसके कारण यहां आना जाना मुश्किल हो गया. हालात इतने खराब हो गए कि सीएम योगी तक को पानी के कारण दूसरे गेट से निकलना पड़ा.
सीएम योगी को एक नंबर गेट से बाहर निकाला गया
बता दें कि मौसम विभाग ने पहले से ही भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी कर दिया था. वहीं सुबह से आसमान में काले बादल उमड़ रहे थे. जहां जोरदार बारिश ने पूरे शहर को जलमग्न कर दिया तो वहीं विधानसभा में भी बारिश का पानी भर गया. गेट नंबर 7 के अंदर और बाहर पानी ही पानी नजर आने लगा. विधानसभा के ग्राउंड फ्लोर में भी पानी घुस गया. कर्मचारियों को बारिश के पानी से कई कमरों में परेशानियां झेलनी पड़ी. इतना ही नहीं, जिस वक्त जोरदार बारिश हुई तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधानसभा में ही मौजूद थे. जब सीएम योगी बाहर आए तो उन्हें एक नंबर गेट से बाहर निकाला गया. आम दिनों में सीएम को विधानसभा के गेट नंबर 8 से निकाला जाता है. बारिश का पानी सचिवालय की बिल्डिंग में भी घुस गया. जिसके कारण मजदूरों को बाल्टियां लेकर पानी निकालने के लिए लगाया गया. यहां तक कि विधानसभा के चारों ओर पानी भर गया है और गाड़ियां भी पानी में घिरी हुई खड़ी रहीं.
हजरतगंज चौराहा बन गया तालाब
सुबह से हो रही भारी बारिश के कारण हजरतगंज चौराहा तालाब बना गया. यहां पर कई फीट पानी भरने से वाहनों का जाम लग गया. नगर निगम के सभी दावों की बारिश ने हवा निकाल दी. शहरवासियों को निगम की लापरवाही का नतीजा भुगतना पड़ा. वहीं सीवर की सफाई न होने से जलनिकासी न हो सकी. इसके अलावा सरकारी दफ्तरों में भी बारिश के लिए कोई खास इंतजाम नहीं किए गए थे. विधानसभा और सचिवालय जैसा ही नजारा हजरतगंज स्थित सहकारिता भवन की जर्जर बिल्डिंग में देखने को मिला. यहां भी बारिश का पानी घुस गया.