आज पूरी दुनिया को एक चीज की लत लग चुकी है. आप भी सोच रहे होंगे कि हमें कैसे पता कि किसी को किस चीज की लत है. अरे हमें क्या आपको भी पता है कि हम किस चीज की बात कर रहे हैं. मोबाइल फोन हां जी हम इसी की बात कर रहे हैं. आज लोगों के लिए मोबाइल उनकी जान से भी प्यारा हो गया है. दिनभर सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने की लोगों को बुरी लत लग चुकी है. लोगों की सुबह और रात मोबाइल देखकर ही हो रही है. लोग अपने जरूरी से जरूरी काम छोड़ सकते हैं लेकिन मोबाइल नहीं.
टेलीकॉम और इंटरनेट यूजर्स के मामले में भारत दूसरे नंबर पर
मोबाइल को जान से ज्यादा बढ़कर मानने वालों में भारतीय सबसे आगे हैं. आंकड़ों की मानें तो हर दिन भारतीय एवरेज तौर पर 6 घंटे 45 मिनट का समय ऑनलाइन बिताते हैं. जबकि ग्लोबल यूजर्स औसतन 6.40 घंटे का समय ऑनलाइन बिताते हैं. यानी इंडियन यूजर्स का एवरेज ज्यादा है. इसके अलावा भारतीयों ने ऐप डाउनलोड करने में भी दूसरे नंबर पर जगह बनाई हुई है. रिजर्व बैंक की तरफ से 2023-24 के लिए जारी की गई करेंसी और फाइनेंस रिपोर्ट में बताया गया है कि साल 2023 में भारतीयों ने 2600 करोड़ बार ऐप डाउनलोड किए हैं. भारत टेलीकॉम और इंटरनेट यूजर्स के मामले में दुनिया में दूसरे नंबर पर है.
82 गुना बढ़ गई एवरेज मोबाइल डाउनलोडिंग स्पीड
आपको बता दें कि बीते सालों में एवरेज मोबाइल डाउनलोडिंग स्पीड भी 82 गुना बढ़ गई है. साल 2014 में मोबाइल डाउनलोड स्पीड 1.3mbps थी, वहीं अब ये बढ़कर 107 mbps हो चुकी है. वहीं 5जी सर्विस भी इस बीच आ चुकी है, जिसके कारण भी स्पीड बढ़ गई है. भारत का नाम अब उन देशों की लिस्ट में शामिल है, जिनकी आबादी का बड़ा हिस्सा डिजिटली कनेक्टेड है. मोबाइल की मदद से देशभर की कनेक्टिविटी, कम्युनिकेशन नेटवर्क और इंटरनेट से जुड़े डिवाइस इसकी बड़ी वजह हैं. इसके अलावा भारत में डेटा स्टोरेज और कम्प्यूटिंग का सस्ता और आसानी से उपलब्ध होना भी खास वजह में शामिल है.
डिजिटल पेमेंट को मिला बढ़ावा
इसके साथ ही डिजिटल पेमेंट को भी इंटरनेट और स्मार्टफोन का ज्यादा यूज होने के कारण बढ़ावा मिला है. देशभर में करीब 42.1 करोड़ UPI पेमेंट का इस्तेमाल करने वाले यूनिक यूजर्स हैं. इसके अलावा 138 करोड़ लोग आधार कार्ड होल्डर हैं. देखा जाए तो 116.5 करोड़ लोगों के पास भारत में फोन है, जिसमें से 75 करोड़ यूजर्स के पास स्मार्टफोन और इंटरनेट कनेक्शन वाले 95.4 करोड़ यूजर्स हैं. इसके अलावा सोशल मीडिया यूजर्स की संख्या 46.7 करोड़ है. वहीं इन सबके बीच ऐसे भी कई लोग हैं जो एक से अधिक फोन और सोशल मीडिया अकाउंट चलाते हैं.